Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 799 -
होम ब्लॉग पेज 799

हार्दिक पटेल ने पहना केसरिया बाना, ख़ुद को बताया मोदी का सिपाही

अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और पाटीदार आरक्षण आंदोलन के चर्चित नेता रहे हार्दिक पटेल आज विधिवत सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए।

हार्दिक दोपहर में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय राजधानी गांधीनगर के निकट कोबा स्थित श्रीकमलम में आधिकारिक रूप से दल में शामिल हुए। वह भाजपा की ओर से ‘विजय मुहूर्त’ माने जाने वाले समय दोपहर 12 बज कर 39 मिनट पर पार्टी में शामिल हुए।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने उनके कंधे पर केसरिया अंग वस्त्र रख कर उन्हें विधिवत दल में शामिल किया। आज ही कांग्रेस की महिला नेता श्वेता ब्रह्मभट्ट ने भी केसरिया बाना धारण किया। कभी भाजपा के कट्टर विरोधी रहे हार्दिक ने आज पार्टी और प्रधानमंत्री मोदी के शान में क़सीदे पढ़े। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर कड़ा प्रहार भी किया।

भाजपा में शामिल होने से पहले उन्होंने कोबा से श्रीकमलम तक एक रोड शो भी किया।
बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के लिए मोदी की सराहना की। उन्होंने कहा कि वह पाटीदार आरक्षण आंदोलन में शाहिद हुए युवकों के परिवार की मदद करेंगे।

इससे पूर्व हार्दिक ने अपने ट्वीट संदेश में कहा कि राष्ट्रहित, प्रदेशहित, जनहित एवं समाज हित की भावनाओं के साथ आज से नए अध्याय का प्रारंभ करने जा रहा हूं। भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र भाई मोदीके नेतृत्व में चल रहे राष्ट्र सेवा के भगीरथ कार्य में छोटा सा सिपाही बनकर काम करूंगा।

उधर, पूर्व में हार्दिक को कट्टर विरोधी मानने वाली भाजपा ने भी हृदय परिवर्तन करते हुए अपने पोस्टर में उन्हें युवा देशप्रेमी नेता बताया। ज्ञातव्य है गुजरात सरकार के निर्देश पर ही पूर्व में उनके विरुद्ध राजद्रोह का मुकदमा चला था। भाजपा में शामिल होने से पहले हार्दिक ने अपने घर और एसजीवीपी मंदिर में विशेष पूजा का आयोजन किया था।

उन्होंने गत 18 मई को कांग्रेस के शीर्ष और प्रदेश नेतृत्व पर तीखा प्रहार करते हुए दल की प्राथमिक सदयस्ता से इस्तीफ़ा दे दिया था।

ज्ञातव्य है कि वर्ष 2015 के पाटीदार आरक्षण आंदोलन से चर्चा में आए 28 वर्षीय हार्दिक ने पिछले लोकसभा चुनाव से पहले मार्च 2019 में विधिवत कांग्रेस का दामन थामा था और जुलाई 2020 में उन्हें राज्य के मुख्य विपक्षी दल का कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया गया था।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे अपने इस्तीफ़े में पटेल ने जिस तरह की तल्ख़ भाषा का इस्तेमाल किया था और राम मंदिर तथा धारा 370 को कश्मीर से हटाने जैसे मुद्दों की हिमायत की थी उससे उनके जल्द ही सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज़ हो गई थीं। उन्होंने अपने इस्तीफ़े को अपने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया था। उन्होंने ख़ुद को सबसे बड़ा रामभक्त बताया था और अयोध्या राम मंदिर के लिए स्वयं चंदा देने की बात भी कही थी।

हार्दिक ने अपने इस्तीफ़े में आरोप लगाया था कि कांग्रेस केवल विरोध की राजनीति करती है। इसने राम मंदिर, धारा 370 हटाने और जीएसटी जैसे ज़रूरी मुद्दों का यूं ही विरोध किया। इसके पास विकास की वैकल्पिक राजनीति का अभाव है।

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी परोक्ष प्रहार करते हुए लिखा कि नेतृत्व गुजरात और देश के मुद्दों के प्रति गम्भीर नहीं है। मुलाक़ात के दौरान पार्टी के नेता इन मुद्दों की बजाय मोबाइल फ़ोन देखने में अधिक रुचि लेते हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि गुजरात में पार्टी के बड़े नेता अपने निजी फ़ायदे के लिए बिक गए हैं। वे राज्य की संस्कृति और जनता का अपमान कर शीर्ष नेताओं को चिकन सैंडविच पहुंचाने में अधिक रुचि लेते हैं।

गुजरात में इसी साल विधान सभा चुनाव होने हैं। अटकलें ऐसी भी थीं कि राजनीतिक रूप से महत्वाकांक्षी हार्दिक पहले आम आदमी पार्टी में शामिल होना चाहते थे। राज्य के दबंग पटेल अथवा पाटीदार समुदाय के हिंसक आरक्षण आंदोलन के दौरान उन्हें राजद्रोह के दो चर्चित मुक़दमों में लम्बे समय तक जेल में भी रहना पड़ा था। उनके आंदोलन के चलते तत्कालीन मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल को पद से हटना भी पड़ा था।

वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में इसी आंदोलन के प्रभाव से भाजपा का प्रदर्शन काफ़ी ख़राब रहा और वह किसी तरह सत्ता में वापसी कर सकी थी। हालांकि बाद में हार्दिक का प्रभाव पटेल समुदाय पर ख़ासा कमज़ोर हो गया था। कुछ माह पहले जब आम आदमी पार्टी ने राज्य में अपना संगठन विस्तार शुरू किया था तो ऐसी अटकलें तेज़ थीं कि वह इसमें शामिल हो सकते हैं।

मज़ेदार बात यह है कि पिछले चुनाव में भाजपा का ज़बरदस्त विरोध करने वाली तिकड़ी में से एक पूर्व कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकोर पहले ही इस दल में शामिल हो चुके हैं। हार्दिक भी भाजपा में शामिल हो गए हैं तो ऐसे में इस तिकड़ी में से एक मात्र नेता वडगाम के कांग्रेस समर्थित निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवाणी ही केसरिया दल के विरोधी रह गए हैं।

कश्मीर में राजस्थान के रहने वाले बैंक प्रबंधक की गोली मारकर हत्या

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में गुरुवार सुबह एक और लक्षित हमले में राजस्थान के एक बैंक प्रबंधक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्या की व्यापक तौर पर निंदा हुई। यह हमला कुलगाम जिले में सांबा की 36 वर्षीय शिक्षिका रजनी बाला की हत्या के दो दिन बाद हुआ है।

पुलिस ने कहा कि एलाकाई देहाती बैंक के प्रबंधक और राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी विजय कुमार को कुलगाम के आरेह में अज्ञात हथियारबंदों ने गोली मार दी थी। बाद में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसने दम तोड़ दिया। राजस्थान निवासी विजय कुमार की एक सप्ताह पहले ही बैंक में नियुक्ति हुई थी तथा माह पहले ही विवाह हुआ था।

गौरतलब है कि गत 12 मई को एक कश्मीरी पंडित कर्मचारी राहुल भट की बडगाम में उनके कार्यालय के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। तब से कश्मीर में अल्पसंख्यक समुदाय के तीन कर्मचारी मारे गए हैं।

इस साल लक्षित हमलों में नागरिकों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों सहित कम से कम 16 लोग मारे गए हैं। लक्षित हत्या की होड़ ने प्रधानमंत्री के विशेष पुनर्वास पैकेज के तहत भर्ती किए गए कश्मीरी पंडित कर्मचारियों और कश्मीर घाटी में तैनात जम्मू और अन्य राज्यों के हिंदू कर्मचारियों के बीच आशंका और भय व्यापत हो गया है।

आज बैंक प्रबंधक की हत्या की चौतरफा निंदा हुई है। नेशनल कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा कि परिवारों को इस तरह तबाह होते देखना दिल दहला देने वाला है। उन्होंने ट्वीट किया कि विजय कुमार की लक्षित हत्या के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। हमले की निंदा करना और मौत पर शोक व्यक्त करने के लिए ट्वीट करना नियमित हो रहा है।

अब्दुल्ला ने कहा कि उनकी पार्टी कायरतापूर्ण हमले की निंदा करती है। उन्होंने कहा कि फिर भी एक और लक्षित हत्या! एक और मासूम की जान चली गई! बैंक प्रबंधक पर कायरतापूर्ण और कायराना हमले की कड़ी निंदा करते हैं।

भारतीय जनता पार्टी ने सुरक्षा एजेंसियों से हिंसा के इस दुष्चक्र को रोकने के लिए रणनीति बनाने को कहा। भाजपा के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि क्या शर्मनाक हरकत फिर से। इस बार एक बैंक प्रबंधक को आतंकवादियों ने गोलियों का शिकार बनाया है। अब सरकारी कर्मियों को भी निशाना बना रहे आतंकवादी। गंभीर मसला और चिंता का विषय। सुरक्षा एजेंसियों के लिए इस दुष्चक्र को रोकने के लिए रणनीति तैयार करने का समय आ गया है।

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी हत्या की निंदा की। पीपुल्स कांफ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद लोन ने कहा कि इस तरह के जघन्य कृत्यों की निंदा करने के लिए उनके पास शब्दों की कमी है। जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी ने इसे बहुत ही दुखद स्थिति बताते हुए कहा कि यहां केवल निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है।

बैंक प्रबंधक की महज चार माह पहले हुई थी शादी

जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में गुरुवार को आतंकवादियों की लक्षित हत्या का शिकार हुए बैंक प्रबंधक विजय कुमार महज चार माह पहले ही विवाह बंधन में बंधे थे और पत्नी मनोज कुमारी के साथ हाल ही में कश्मीर लौटे थे।

कुलगाम जिले के अरेह मोहनपोरा में इलाकाई देहाती बैंक (ईडीबी) में बैंक प्रबंधक विजय कुमार (निवासी भगवान हनुमानगढ़ राजस्थान) आज आतंकवादियों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाए जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बैंक में भर्ती होने के बाद कुमार पहली बार 2019 में कश्मीर में तैनात हुए थे। वह पिछले सप्ताह ही अरेह मोहनपोरा शाखा में तैनात हुए। इससे पहले वे वैलू कोकरनाग अनंतनाग में 10 दिनों की संक्षिप्त अवधि के लिए तैनात थे।

एक सहयोगी ने कुमार को एक मिलनसार व्यक्ति करार देते हुए कहा कि कश्मीर में उनकी पहली पोस्टिंग फरवरी 2019 में पहलू कुलगाम में हुई थी। कुमार की 10 फरवरी को शादी हुई थी और उन्होंने अपनी शादी के लिए 20 दिनों की छुट्टी ली थी। मार्च में जब वह कश्मीर लौटा, इसके बाद उसकीं पत्नी पिछले महीने जम्मू पहुंची।

सहकर्मी ने कहा कि विजय जम्मू में अपनी पत्नी को लेने गया था और दंपती ने पिछले महीने ही कुलगाम की यात्रा की थी। तब से दोनों ऊपर बाजार काजीगुंड में किराए के मकान में खुशी-खुशी रह रहे थे।

कुमार के परिवार में उनकी पत्नी के अलावा उनके पिता ओम प्रकाश जाट, एक स्कूल शिक्षक, उनकी मां रमेती देवी- एक गृहिणी- और छोटा भाई जो एक छात्र है। रिपोर्टों में कहा गया है कि कश्मीर स्वतंत्रता सेनानियों समूह ने हत्या की जिम्मेदारी ली है।

भारतीय किसान संघ का प्रशिक्षण शिविर पुष्कर में 11 व 12 को

अजमेर। भारतीय किसान संघ की जिला बैठक गुरुवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय कार्यालय में जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा के सान्निध्य में हुई।

बैठक में आगामी 11 व 12 जून को पुष्कर में प्रस्तावित भारतीय किसान संघ के जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर को लेकर विस्तृत चर्चा कर शिविर आयोजन के लिए जिला प्रबंधकारणी को को जिम्मेदारी सौंपी गई।

प्रांत महामंत्री अम्बालाल शर्मा ने शिविर की महत्ता, समय चक्र, व्यवस्था, शिविर सत्र, तथा प्रशिक्षण शिविर की आवश्यकता तथा गांव में पंचायत समिति का महत्व तथा उसके उद्देश्य व तहसील अध्यक्ष का कार्य आदि विषयों को लेकर तहसील व जिला पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया।

जिला युवा अध्यक्ष रोशन प्रकाश शर्मा ने जिला बताया कि बैठक में जिला कार्यकारिणी व तहसील कार्यकारिणी को भारतीय किसान संघ के प्रांत व संभाग अधिकारियों का भी सान्निध्य व मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

प्रांत उपाध्यक्ष महेन्द्र सिंह, प्रांत जैविक प्रमुख बाबू सिंह, प्रांत सहकारिता प्रमुख राजेन्द्र शर्मा, संभाग मीडिया प्रभारी कन्हैया लाल गुजर, जिलाध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा, युवा मंत्री लक्ष्मण गुजर, अशोक तिवारी, सुमित, सत्यनारायण झाला समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अर्जेंटीना ने 29 साल बाद जीता ला फिनालिसिमा

लंदन। ब्रिटेन की राजधानी लंदन में स्थित वेम्बली स्टेडियम में खचाखच भरी भीड़ के सामने लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना फुटबॉल टीम ने ला फिनालिसिमा में इटली को 3-0 से मात दी।

सात बार के बैलन डी’ओर विजेता मेसी ने बुधवार को अर्जेंटीना के साथ 11 महीनों में अपनी दूसरी अंतरराष्ट्रीय ट्रॉफी जीती। अर्जेंटीना के नंबर-10 के लिए यह जीत और भी खास इसलिये है क्योंकि अर्जेंटीना के लिये इससे पहले 1993 में अंतिम ला फिनालिसिमा डिएगो माराडोना ने जीता था, जो स्वयं भी नंबर-10 थे।

लुटारो मार्टिनेज और एंजेल डि मारिया के पहले हाफ के गोल ने अर्जेंटीना को इंग्लैंड को यूरो 2020 में हराकर 11 महीने बाद वेम्बली वापस आई इटली के खिलाफ पूर्ण नियंत्रण की स्थिति में डाल दिया।

उत्तर पश्चिम लंदन के स्टेडियम की 87,000 लोगों की भीड़ में अर्जेंटीना के हज़ारों समर्थकों के बीच कप्तान मेसी ने दो गोल सेट किए। मार्टिनेज़ ने मेसी के लो क्रॉस पास की मदद से मैच के 28वें मिनट में अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।

इसके बाद हाफ़ टाइम से ठीक पहले मार्टिनेज़ ने डि मारिया को एक पास दिया जिसे उन्होंने इटली के गोलकीपर के सर के ऊपर से नेट में पहुंचाकर टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया।

इसके अलावा पॉलो डायबाला (90+4 मिनट) ने भी अर्जेंटीना के लिये एक गोल किया। ब्रेक से पहले इटली के लिये कुछ मौके भी बने लेकिन ब्रेक के बाद मैन ऑफ़ द मैच मेसी दूसरे हाफ़ में पूरी तरह हावी रहे।

मैच के बाद मेसी ने कहा कि यह एक बेहतरीन फाइनल था। स्टेडियम अर्जेंटीना के समर्थकों से भरा हुआ था। हमने यहां जो अनुभव किया वह बेहद खूबसूरत था। उन्होंने कहा कि आज हमारा अच्छा इम्तिहान था क्योंकि इटली एक बड़ी टीम है। हमें पता था कि मुकाबला अच्छा होने वाला है और चैम्पियन बनने के लिए यह बेहतरीन मौका है।
पिछले साल 2021 कोपा अमरीका जीतकर अर्जेंटीना ने ट्रॉफ़ी का अपना 28 साल पुराना सूखा खत्म किया था।

मैच के बाद इटली के मैनेजर रॉबर्टो मैनसिनी ने यह स्वीकार किया कि इटली को कई क्षेत्रों में सुधार करने की ज़रूरत है। मैनसिनी ने कहा कि वह हमसे अच्छा खेले। हम पहले हाफ़ में मुकाबले में बने हुए थे लेकिन ब्रेक के बाद मैच को अपनी तरफ़ पलटने में नाकामयाब रहे।

कानपुर : गला रेतकर सिपाही की निर्मम हत्या, जांच में जुटी पुलिस

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक सिपाही की गर्दन रेतकर निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी गई।

पुलिस के अनुसार मूलरूप से फिरोजाबाद के दयापुर पोस्ट पहाड़न निवासी 30 वर्षीय सिपाही देशदीपक कोतवाली क्षेत्र में वर्ष 2019 से तैनात है। पुलिस ने बताया कि गुरुवार को सुबह सिपाही के परिजनों ने कोतवाली में सूचना दी कि उनका मोबाइल फोन बुधवार रात से स्विच ऑफ है। परिजनों ने जब मकान मालिक रमेश चन्द से संपर्क किया तो उसने भी बाहर से ताला पड़े होने व घर के अंदर पंखे चलने की आवाज आने की सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने अनहोनी की आशंका से कमरा खुलवा कर देखा तो चारपाई पर लहूलुहान हालत में सिपाही का शव पड़ा था। उसके गले पर धारदार हथियार से जख्म के निशान मिले। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम के सदस्य घटना की पड़ताल कर रहे हैं। फॉरेंसिक टीम की जांच पड़ताल पूरी होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

उप निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि मकान मालिक रमेश चन्द निवासी ब्रह्म नगर बिल्हौर से कांस्टेबल देशदीपक के कमरे की बन्द होने की सूचना प्राप्त हुई। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तो कांस्टेबल देश दीपक की गर्दन पर धारदार हथियार से कटे होने के निशान मिले। फील्ड यूनिट टीम को मौके पर बुलाया गया है। उच्च अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की बढ़ी मुश्किल

नई दिल्ली। राज्यसभा चुनाव में टिकट बंटवारे में गड़बड़ी के आरोपों से घिरी कांग्रेस अपनों के विरोध तथा भारतीय जनता पार्टी की रणनीति के कारण कई सीटों पर फंसती हुई नजर आ रही है और राजस्थान, महाराष्ट्र तथा हरियाणा में एक एक सीट पर उसकी मुश्किल ज्यादा ही बढ़ गई है।

राज्य सभा की 57 सीटों के लिए 10 जून को चुनाव होना है। कांग्रेस ने उम्मीदवारों के नाम का जो ऐलान किया है उसको लेकर पार्टी में शुरू से ही विरोध के स्वर उठ रहे हैं।

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा विरोध इमरान प्रतापगढ़ी का हो रहा है। कांग्रेस ने उन्हें महाराष्ट्र से टिकट दिया है। उनको लेकर प्रदेश कांग्रेस के नेता पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी कड़ा पत्र लिखकर पूछ रहे हैं कि क्या इसी तरह से दरबारियों को टिकट दिया जाता रहेगा। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा और नगमा प्रतागढ़ी भी श्री प्रतापगढ़ी को टिकट दिए जाने पर नारजगी जाहिर कर चुके हैं। खेड़ा ने कहा कहा था कि शायद मेरी तपस्या में कुछ कमी रह गई।

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व अभिनेत्री नगमा ने और तीखे अंदाज में कहा कि हमारी 18 साल की तपस्या भी इमरान भाई के सामने कम रह गई। वह यहीं नहीं रुकी। उन्‍होंने आगे कहा कि हमारी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया जी ने व्यक्तिगत रूप से मुझे 2003-04 में राज्‍यसभा में भेजने के लिए आश्‍वासन दिया था। पार्टी नेता इमरान प्रतापगढ़ी को टिकट दिए जाने का सबसे ज्यादा विरोध हो रहा है।

कांग्रेस के लिए उसके शासन वाले राज्य राजस्थान में भी एक सीट पर मुश्किल हो रही है। उसने राज्य से तीन उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं लेकिन दिक्कत यह है कि इनमें से कोई भी राजस्थान का रहने वाला नहीं है और वहां बाहरी उम्मीदवार बताकर उनका विरोध हो रहा है। राज्य में मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच है और वहां से कांग्रेस दो सीटों पर आसानी से जीत हासिल कर सकती है लेकिन उसने अपने तीन नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुकुल वासनिक और प्रमोद तिवारी को चुनाव मैदान में उतारा है।

इस बीच यहां भाजपा के समर्थन से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उद्योगपति सुभाष चंद्रा मुकाबले में आ गए हैं। वह पहले हरियाणा से राज्य सभा के निर्दलीय सदस्य रहे हैं लेकिन इस बार राजस्थान में उनके आने से मुकाबला रोचक हो गया है। कांग्रेस में बाहरी लोगों को टिकट देने के बगावती स्वर के बीच उद्योगपति सुभाष चंद्रा खुद को राजस्थान का बेटा बताकर राज्यसभा में पहुंचना चाहते हैं। उनके चुनाव में उतरने से कांग्रेस में खलबली मच गई है और यदि कांग्रेस का उम्मीदवार हारता है तो उसके लिए शर्मिंदगी जैसी बात होगी।

कांग्रेस के लिए हरियाणा में भी संकट की स्थिति पैदा हो गई है और वहां महासचिव अजय माकन फंसते हुए नजर आ रहे हैं। वहां दो सीटों पर राज्यसभा के चुनाव हैं। भाजपा की एक सीट पक्की है, लेकिन दूसरी सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देकर उसने कांग्रेस की मुश्किल बढा दी है। उम्मीदवार अजय माकन को फंसा दिया है।

RSS का 15 दिवसीय प्रांतीय घोष प्रशिक्षण वर्ग संपन्न

दौसा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जयपुर प्रान्त का 15 दिवसीय घोष प्रशिक्षण वर्ग बुधवार को शहर के गेटोलाव रोड स्थित माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर में संपन्न हुआ।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र ने कहा समाज में सब जगह अच्छे लोगों की आवश्यकता है, लेकिन इसके लिए कोई फैक्ट्री तो है नहीं, ऐसे में प्राचीनकाल में गुरुकुल तथा वर्तमान समय में संघ में स्वयंसेवकों को सामूहिक प्रशिक्षण दिया जाता है। संघ से संस्कार लेकर आज अनेकों स्वयंसेवक समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा 1925 में संघ की स्थापना के लेकर पूरे देश समेत विदेशों में भी संघ कार्य का विस्तार हुआ है। कोरोना के दौरान स्वयंसेवकों ने विभिन्न माध्यमों से सेवा के कार्य किए हैं। पलायन करने वाले मजदूर वर्ग के लिए रास्ते में भोजन, पानी समेत चिकित्सा सुविधाओं के भी बंदोबस्त किए।

प्रांत प्रचारक ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग ने बढ़-चढ़कर सहयोग दिया। ऐसे में हमारे जीवन का यह सौभाग्य है कि हमारी आंखों के सामने अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनने जा रहा है। यह सब समाज जागरण से ही संभव हो सका है।

इसलिए हम सबको राष्ट्र हित के विषयों को लेकर एकजुटता के साथ काम करना चाहिए। पलायन के मुद्दे पर उन्होंने कहा आज भारत के 9 राज्यों में हिंदू अल्पसंख्यक हो गए हैं, ऐसे में विपत्तियों का डटकर सामना करना होगा।

संगीत वादन देखकर मन गदगद हो गया

कार्यक्रम में श्रीराम मंदिर के महामंडलेश्वर संत अमरदास महाराज ने कहा कि संगीत हमारे जीवन का अभिन्न अंग है, मेरा मानना है कि इसके बिना जीवन अधूरा है। आज यहां बच्चों का संगीत वादन देखकर मन गदगद हो गया। आज स्कूल तो बहुत खुले हुए हैं लेकिन वहां संस्कार नहीं दिया जा रहा। संघ में स्वयंसेवकों को संस्कार के साथ राष्ट्र भावना का प्रशिक्षण दिया जाता है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संगीतज्ञ घनश्याम सैनी ने कहा कि 15 दिन के प्रशिक्षण में यहां स्वयंसेवकों को संगीत में निपुण बनाया गया है, ऐसा प्रशिक्षण आधुनिक शिक्षा के साथ बहुत जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा पश्चिम का दुष्प्रभाव हमारी संस्कृति पर भी पड़ा है, लेकिन हमें घोष वादन से भारतीय संगीत को आगे बढ़ाना होगा।

भीषण गर्मी में 15 दिन लिया प्रशिक्षण

वर्ग कार्यवाह सुरेशचंद ने शिविर का प्रतिवेदन रखते हुए बताया कि 18 मई को शुरू हुए प्रांतीय घोष प्रशिक्षण वर्ग में जयपुर प्रान्त के 50 स्थानों से 216 शिक्षार्थी स्वयंसेवक शामिल हुए, जिन्हें 20 शिक्षकों ने प्रशिक्षण दिया। शिविर में स्वरद, आनक, शंख, वंशी का प्रशिक्षण दिया गया।

भीषण गर्मी के मौसम में स्वयंसेवकों ने कठोर दिनचर्या की पालना करते हुए प्रशिक्षण लिया। समापन कार्यक्रम में संघ के विभाग सह संघचालक प्यारेलाल मीना, जिला संघचालक भगवानसहाय सैनी समेत शहर से बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्धलोग समापन कार्यक्रम को देखने के लिए पहुंचे।

आईडिया ऑफ इंडिया-4: मामूली मरम्मत की ही अनुमति है तो लिमबड़ी कोठी में इतनी निर्माण सामग्री कैसे?

माउंट आबू में लिमबड़ी कोठी में डंपर भरकर आती निर्माण सामग्री।
माउंट आबू में लिमबड़ी कोठी में डंपर भरकर आती निर्माण सामग्री।

सबगुरु न्यूज-सिरोही। कायदों से बंधे होने की दलील देकर माउंट आबू के उपखण्ड अधिकारियों और नगर पालिका ने कैसे अपने फायदे के लिए हर काम किये इसका सबसे परफेक्ट उदाहरण है लिमबड़ी कोठी।

अमरीका में अस्पताल में गोलीबारी, पांच की मौत

वाशिंगटन। अमरीका में ओक्लाहोम के तुलसा स्थित एक अस्पताल में हुई गोलीबारी में हमलावर सहित पांच लोगों की मौत हो गई।

पुलिस ने तुलसा में सेंट फ्रांसिस अस्पताल परिसर में गोलीबारी की घटना की पुष्टि की। तुलसा पुलिस विभाग के उप प्रमुख एरिक डगलिश ने बुधवार को कहा कि हमने गोलीबारी की घटना चार नागरिकों को खो दिया। इस घटना में गोलीबारी करने वाला भी मारा गया।

पुलिस ने बताया कि घटना के समय संदिग्ध के पास एक लंबी राइफल और एक हैंड गन थी। अधिकारी ने कहा कि संदिग्ध एक अश्वेत पुरुष था, जिसकी उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच हो सकती है। उधर, तुलसा नगर पार्षद जयमे फाउलर ने स्थानीय टेलीविजन चैनल को केओटीवी को बताया कि संदिग्ध ने खुद को मार ली।

सीकर जिले में कार के ट्रक से टकराने पर तीन श्रद्धालुओं की मौत

सीकर। राजस्थान के सीकर जिले में रानोली के पास एक कार के ट्रक से टकरा जाने पर तीन श्रद्धालुओं की आज सुबह मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार रानोली में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 52 पर सनराइज सिटी के सामने श्रद्धालुओं की कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। ये श्रद्धालु खाटु श्याम मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे।

हादसे में झुंझुनूं जिले के पिलानी निवासी मनजीत एवं नवनीत, अलवर जिले के भिवाड़ी के राज गोविंद एवं हरियाणा गुरुग्राम के आशीष राठी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को पलसाना के अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन मंजीत, नवनीत और आशीष राठी ने दम तोड़ दिया। घायल राज गोविंद को सीकर अस्पताल भेज दिया गया।