भिंड में 18 वर्षीय युवती को शादी को झांसा देकर शारीरिक शोषण

0

भिण्ड। मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के उमरी थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने, उसके आपत्तिजनक फोटो-वीडियो लेकर बाद में धमकी देकर शोषण करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने इस संबंध में महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसे शून्य पर दर्ज कर अब भिण्ड पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया है। उमरी थाना पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुट गई है।

उमरी थाना क्षेत्र की रहने वाली 18 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया कि करीब तीन साल पहले ईश्वरी गांव निवासी युवक शिवम सिंह ने उससे प्रेम संबंध स्थापित कर शादी का वादा किया। इसी भरोसे पर युवक ने उससे शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए। बाद में युवक ने शादी से इनकार कर दिया और उन्हीं फोटो-वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करता रहा।

पीड़िता के अनुसार वर्ष 2023 में उसकी मुलाकात शिवम सिंह से हुई थी। दोनों एक ही जाति के होने के कारण विवाह की बात भी तय होने लगी थी। इसी दौरान युवक ने शादी का झांसा देकर संबंध बनाए। कुछ समय बाद वह अपने वादे से मुकर गया। आरोप है कि इसके बाद युवक धमकियों के जरिए युवती पर दबाव बनाता रहा और गांव आने पर जबरन संबंध बनाता था। विरोध करने पर सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी जाती थी।

पीड़िता वर्तमान में अपने पिता के साथ महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रहती है।आरोपी युवक भी कुछ समय से मुंबई में एक लकड़ी की फैक्ट्री में काम कर रहा था और उसका गांव आना-जाना बना रहता था। लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद 6 जनवरी 2026 को परिजनों के साथ उल्हासनगर थाने में आरोपी के खिलाफ बलात्कार, धमकी सहित अन्य गंभीर धाराओं में शून्य पर एफआईआर दर्ज कराई गई।

उमरी थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह राजावत ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस द्वारा दर्ज केस डायरी भिण्ड पुलिस को सौंप दी गई है। मामला उमरी थाना क्षेत्र से संबंधित होने के कारण यहीं जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। पीड़िता के बयान दर्ज कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।