चेन्नई। तमिलनाडु के विल्लुपुरम जिले के श्रीलंकाई पुनर्वास शिविर में रहने वाली एक 18 वर्षीय लड़की की नाइट क्लब में झगड़े के बाद कार से कुचलकर हत्या कर दी गई। चेन्नई शहर में शनिवार देर रात कुछ गुस्साए युवकों ने अपनी कार से उसकी दोपहिया गाड़ी को कुचल दिया।
उसके दो दोस्तों को भी चोटें आईं। इसे जानबूझकर टक्कर मारने और भाग जाने का मामला माना जा रहा है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नाइट क्लब में डांस करते समय दो गुटों के बीच कहा-सुनी हो गई। लड़की ने इस पर आपत्ति जताई और बाद में वहां से चली गई।
विरोधी गुट के गुस्साए युवकों ने लड़की और उसके दोस्तों का पीछा किया और अपनी कार से उनकी गाड़ी को कुचल दिया। लड़की की मौके पर ही मौत हो गई। अति व्यस्त कोयमबेडु जंक्शन पर हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटनास्थल से सुराग जुटाने और लड़की के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक लड़की अपने परिवार के साथ विल्लुपुरम स्थित श्रीलंकाई तमिल पुनर्वास शिविर में रहती थी और एक दोस्त से मिलने चेन्नई आई थी। पुलिस ने उस गुट के बाकी सदस्यों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित की हैं।



