श्रीडूंगरगढ़ में बोलेरो-बस की भिड़ंत में 3 लोगों की मौत, 8 घायल

21

बीकानेर। राजस्थान में बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर बस और बोलेरो की टक्कर से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हाे गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया हादसा अपराह्न करीब तीन बजे बस बीकानेर से जयपुर जा रही थी,जबकि बोलेरो श्रीडूंगरगढ़ की तरफ से आ रही थी। सभी घायल बोलेरो में सवार थे, जिन्हें बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में भेजा गया है।

थानाधिकारी कश्यप सिंह ने बताया कि बोलेरो सवार अमित अपने परिवार के साथ तोलियासर गांव से धार्मिक स्थल से अपने गांव गुसाईंसर छोटा लौट रहा था। इसी दौरान बोलेरो बस से टकरा गई। इससे बोलेरो चालक दानीराम (45), मेघा (16) और उसकी भतीजी शिवांगी (पांच) की मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि हादसे में बोलेरो सवार आठ अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पीबीएम अस्पताल भेजा गया। घायलों में विकास, अमिता और निधि की पहचान हुई है। दो वर्ष के बच्चे सहित अन्य घायलों की पहचान की जा रही है।