मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव : भाजपा की 39 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी

सूची में तीन केंद्रीय मंत्रियों समेत सात सांसद भी शामिल
भोपाल। मध्यप्रदेश में सत्ता में बरकरार रहने के लिए पुरजोर कोशिश में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार रात 39 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी, जिसमें अनेक चौंकाने वाले नाम भी सामने आए हैं। पार्टी ने तीन केंद्रीय मंत्रियों समेत सात सांसदों को चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया है।

पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को इंदौर एक विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया गया है। इस सूची में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को मुरैना जिले के दिमनी विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया गया है।

प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक तोमर वर्तमान में मुरैना संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसके अलावा एक अन्य केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल को नरसिंहपुर से टिकट दिया गया है। पटेल दमोह संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। एक और केंद्रीय मंत्री एवं मंडला से सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते को अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित निवास सीट से टिकट दिया गया है।

इसके अलावा जबलपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, सतना से गणेश सिंह, सीधी से रीति पाठक और गाडरवारा से राव उदय प्रताप सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। ये चारों प्रत्याशी वर्तमान में क्रमश: जबलपुर, सतना, सीधी और होशंगाबाद क्षेत्र से सांसद हैं।

भाजपा ने कुछ समय पहले 39 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की थी, जिसमें अनेक नए चेहरों पर भरोसा जताया गया था। इन सभी 39 सीटों पर पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पराजय का सामना किया था। इसी तरह आज घोषित 39 सीटों में से अधिकांश पर भाजपा को 2018 के पिछले चुनाव में पराजय का स्वाद चखना पड़ा था।

राज्य में सभी 230 सीटों पर विधानसभा चुनाव नवंबर दिसंबर माह में होने की संभावना है। भाजपा की मौजूदा सरकार को लेकर कथित सत्ताविरोधी रुझान (एंटी इंकंबेंसी फेक्टर) के चलते पार्टी प्रत्याशियों की दूसरी सूची काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सूची के अनुसार श्योपुर से दुर्गालाल विजय, मुरैना से रघुराज कंसाना, लहार से अमरीश शर्मा गुड्डू, भितरवार से मोहन सिंह राठौर, डबरा (अजा) से इमरती देवी, सेवढ़ा से प्रदीप अग्रवाल, करैरा (अजा) से रमेश खटीक, राघौगढ़ से हिरेंद्र सिंह बंटी बना, देवरी से बृजबिहारी पटेरिया और राजनगर से अरविंद पटेरिया को प्रत्याशी घोषित किया गया है।

मैहर से श्रीकांत चतुर्वेदी, सिंहावल से विश्वामित्र पाठक, कोतमा से दिलीप जायसवाल, डिंडोरी (अजजा) से पंकज टेकाम, कटंगी से गौरव पारधी और जुन्नारदेव (अजजा) से नत्थन शाह पर दाव लगाया गया है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा से भाजपा नेता विवेक बंटी साहू को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा परासिया (अजा) से ज्योति डहेरिया, घोड़ाडोंगरी (अजजा) से श्रीमती गंगाबाई उइके, उदयपुरा से नरेश शिवाजी पटेल और खिलचीपुर से हजारी लाल दांगी को चुनावी दंगल में उतारने का निर्णय हुआ है।

आगर (अजा) से मधु गेहलोत, शाजापुर से अरुण भीमावत, भीकनगांव (अजजा) से नंदा ब्राह्मणे, राजपुर (अजजा) से अंतर सिंह पटेल, पानसेमल (अजजा) से श्याम बर्डे, थांदला (अजजा) से कल सिंह भांवर, गंधवानी (अजजा) से सरदार सिंह मेड़ा और देपालपुर से मनोज पटेल को प्रत्याशी घोषित किया गया है।

इंदौर एक विधानसभा क्षेत्र से कैलाश विजयवर्गीय को प्रत्याशी बनाया गया है। दिग्गज नेताओं में शुमार इंदौर के पूर्व महापौर विजयवर्गीय राज्य में मंत्री भी रह चुके हैं और वे इंदौर जिले से पहले भी कई दफा चुनाव जीत चुके हैं। नागदा खाचरोद से डॉ तेजबहादुर सिंह और सैलाना (अजजा) से संगीता चारेल चुनाव मैदान में रहेंगी।

भाजपा की दूसरी सूची में अनेक चौंकाने वाले नाम आने के बीच प्रदेश भाजपा के मंत्री रजनीश अग्रवाल ने कहा कि यह भाजपा की कांग्रेस पर राजनैतिक सर्जिकल स्ट्राइक है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव में विजय हासिल करने के लिए पूरी ताकत और योजना के साथ मैदान में है। माना जा रहा है कि अक्टूबर माह में विधानसभा चुनाव के लिए कार्यक्रम जारी होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो सकती है।