अजमेर। राजस्व मंडल अध्यक्ष हेमन्त कुमार गेरा ने मंडल की ओर से प्रकाशित पत्रिका राविरा के 132 वें अंक जन कल्याण विशेषांक का विमोचन मंगलवार को किया।
इस विशेषांक में राजस्थान में मध्यस्थता के जरिए राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का सहज समाधान, भू प्रशासनिक व्यवस्था एवं भूमि विवादों में सूचना प्रौद्योगिकी व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता, राजस्व न्यायालयों में नवाचार, भू अभिलेखों में अशुद्धियों के शुद्धिकरण के प्रावधान, सरकारी रिकॉर्ड में वन भूमि आदि महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित आलेख प्रकाशित किए गए हैं।
इसी प्रकार राजस्व मंडल स्तर से निर्णीत महत्वपूर्ण प्रकृति के प्रकरण, राजस्व विभाग एवं राजस्व मंडल स्तर से समय-समय पर जारी परिपत्र एवं अधिसूचनाएं, पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़े से संबंधित उपलब्धिपरक सफलता की कहानियां, रास्ता खोलो अभियान के तहत जिलों में अर्जित उपलब्धियों, राजस्व विषयक महत्वपूर्ण आलेख, सरकार द्वारा जारी महत्वपूर्ण परिपत्र एवं अधिसूचनाओं को भी प्रमुखता से प्रकाशित किया गया है।
विमोचन अवसर पर मंडल के सदस्य आरडी मीणा, पुरूषोत्तम लाल सैनी, भवानीसिंह पालावत, डॉ महेन्द्र लोढा, कमला अलारिया, मदन लाल नेहरा, गौरव बजाड़ व राजेन्द्र सिंह कविया सहित राविरा सम्पादक पवन शर्मा उपस्थित रहे।