तमिलनाडु के मदुरै में दो बसों की टक्कर से 5 लोगों की मौत, 42 घायल

0

चेन्नई। तमिलनाडु में मदुरै जिले के कोट्टमपट्टी के पास सोमवार तड़के एक निजी बस और तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम की बस की टक्कर से पांच लोगों की मौत हो गई और 42 अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतकों में चार पुरुष और एक महिला शामिल है। सभी घायलों को इलाज के लिए मदुरै के सरकारी राजाजी चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना उस समय हुई जब चेन्नई से मार्थंडम जा रही निजी बस का चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और बस दूसरी लेन में चली गई तथा मदुरै से त्रिची जा रही टीएनएसटीसी की बस से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि टीएनएसटीसी की बस पलट गई, जबकि निजी बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तथा दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दोनों बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पतालों में पहुंचाया।