मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव
अजमेर। मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का जिला स्तरीय कार्यक्रम जवाहर रंगमंच में आयोजित हुआ। इसमें जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि युवाओं से राजकीय सेवाओं में चयनित होने पर शुभकामनाएं देने के साथ-साथ अपेक्षाएं भी रहती है। मेहनत के कारण आपका चयन हुआ है। ऎसी अपेक्षा है कि नवचयनित युवा उसी मेहनत के साथ राजकार्य करेंगे। सरकार द्वारा मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का आयोजन कर युवाओं को सौगात दी है। यह युवाओं, उनके परिजनों तथा समाज के लिए प्रसन्नता का विषय है।
उन्होंने कहा कि नवनियुक्त युवाओं को क्षेत्र में कार्य करना है। इन्हें नई जिम्मेदारी मिलेगी। युवाओं को इस जिम्मेदारी को पूरी शिद्दत के साथ निभाना चाहिए। युवाओं से पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने की अपेक्षा है। जनहित को प्रथम रखकर कार्य करें। इसी प्रकार से ईमानदारी और समर्पण भी सरकारी कार्मिकों के व्यवहार में झलकना चाहिए। पदीय दायित्वों के निर्वहन के दौरान आमजन को केंद्र में रखकर कार्य करें।
देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा ने कहा कि युवाओं को इस मुकाम तक पहुंचाने में उनके अभिभावकों का संघर्ष महत्वपूर्ण है। सपनों को पूर्ण करने के लिए परिश्रम करना आवश्यक है। आज सपने के सच होने के पश्चात अब उस सपने को जीने का समय आया है। इस दौरान अपने माता-पिता को अवश्य याद रखें। उनका संघर्ष याद करके युवा हमेशा सही राह पर चलेगा। आमजन का सहयोग करें। समाज में बदलाव के अग्रगामी बनें। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में आपका सहयोग अपेक्षित है।
जिला रोजगार कार्यालय के उपनिदेशक मधुसूदन जोशी ने बताया कि संस्कृत शिक्षा विभाग में प्राध्यापक पद पर नवनियुक्त गिरधर सिंह शक्तावत को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। गिरधर सिंह ने संस्कृत भाषा में मुख्यमंत्री बजरंग लाल शर्मा तथा सरकार के प्रति धन्यवाद के उद्गार व्यक्त किए। वे सावर के रहने वाले हैं। इसी प्रकार अदिति दाधीच का भी प्राध्यापक पद पर चयन हुआ। उन्होंने भी संस्कृत में अपनी खुशी व्यक्त की। साथ ही वनरक्षक कुलदीप जनागल, सेठाराम, प्रियंका सुथार एवं शिल्पा खरे, वरिष्ठ अध्यापक डोली भारद्वाज, कंप्यूटर अनुदेशक हिमानी बडारिया एवं कल्पना यादव तथा पशुधन सहायक बाबूलाल मीणा को वेलकम किट प्रदान किए गए।
इस समारोह में शिक्षा विभाग के 262, वन विभाग के 28, कृषि विभाग के 3, पशुपालन विभाग के 8, पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के 83, सहकारिता विभाग के 6, प्रदूषण नियंत्रण मंडल के एक, भूजल विभाग के 2, चिकित्सा विभाग के 96, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के 3 तथा नगर नियोजन विभाग के 2 नवनियुक्त युवाओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर सम्भागीय आयुक्त महेश चन्द्र शर्मा, कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित, अतिरिक्त कलक्टर लोकेश कुमार गौतम, गजेंद्र सिंह राठौड़ व ज्योति ककवानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्ग सिंह राजपुरोहित, कारागार प्रशिक्षण संस्थान के अधीक्षक पारस जांगिड़, आरएसएलडीसी के निखिल बत्रा, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के शैलेंद्र माथुर, एडीईओ अरुण शर्मा, पूर्व प्रधान दिलीप पचार, जिला परिषद सदस्य श्रवण सिंह रावत, अर्जुन नलिया सहित युवा उपस्थित थे।
https://www.sabguru.com/mukhyamantri-rojgar-utsav-cm-bhajan-lal-sharma-interacts-with-newly-appointed-govt-servant/



