परीक्षित मिश्रा
सबगुरु न्यूज-आबूरोड। आरएसएस का राजनीतिक प्रकल्प होने के कारण भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं से आमजन की सिविक सेंस और अनुशासन में रहने की अपेक्षा रहती है। खुद संगठन के नेता भी इस बात का दावा करते हैं। लेकिन, जमीनी हकीकत इसके विपरीत हैं। बड़े नेताओं के सबसे खास नेता और कार्यकर्ता सत्ता की हनक में उन्हीं की सरकारों के बनाए नियम कायदों को तोड़ने का पास लिए घूमते हैं। इसी वजह से अपने नेताओं और पार्टी की साख के लिए समय समय पर मुसीबत बन जाते हैं। सांसद लुंबाराम चौधरी के करीबी नेताओं ने भी सांसद का खास होने के कारण जनहित के लिए बनाए कायदे नहीं पालकर आमजन को परेशानी में डालने का पास मान लिया है। आबूरोड रेलवे स्टेशन पर फिर एक बार यही देखने को मिला।
– नो पार्किंग में कर दी पार्किंग
आबूरोड रेलवे स्टेशन पर लंबी-चौड़ी और व्यवस्थित पार्किंग बनी हुई है। लेकिन, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री और सांसद लुंबाराम चौधरी के साथ पहुंचे स्थानीय नेताओं की हनक ऐसी कि अपनी गाड़ी को उस पार्किंग में खड़ी करने की बजाय पिक एंड थ्रू लाइन के गेट पर ही पार्क करके नेताओं के पीछे पीछे स्टेशन में निकल लिए। इससे यहां आने वाले यात्री वाहनों की आवाजाही के लिए इकतरफा रस्ता ही रह गया। सांसद के करीबी होने के कारण खुद को छोटे-मोटे सांसद मान चुके नेता की गाड़ी की वजह से एक तरफ की गाड़ी को निकलने के लिए दूसरी तरफ की गाड़ियों को रुकना पड़ता था।
ये देखकर इस गाड़ी के टायर पर क्लैम्प लॉक लगा दिया गया। सभी नेता लोग बाहर आए तो गाड़ी पर क्लैम्प लॉक लगा होने पर सनसनी फैल गई। आखिर सत्ता धारी दल के नेताओं के कायदे तोड़ने पर कार्रवाई कैसे हो सकती है। गलती से ऐसा कर भी दिया तो उसे छोड़ना भी बनता है। जैसे ही पता चला कि ये कार किसी आम सिविलियन की नहीं सांसद साहब के साथ आए खास नेताओं की है तो उस क्लैम्प को खोल दिया गया। आम आदमी होता तो जुर्माने का प्रावधान होता।
– पहली बार नहीं हुआ ऐसा
ये पहली बार नहीं है जब भाजपा नेताओं ने सत्ता की हनक में रेलवे यात्रियों की आवाजाही आंशिक या घंटों व्यवधान किया हो। इससे पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के आबूरोड आने पर प्लेटफॉर्म संख्या एक के बीच में ही बिना अनुमति लिए हुए बड़े बड़े होर्डिंग खड़े कर दिए। इससे ट्रेन आने पर यात्रियों को निर्बाध आवाजाही में समस्या हुई। यही नहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के आने पर तो यहां के भाजपा नेता दो कदम और आगे निकल गए। स्टेशन के मुख्य द्वार से टिकिट विंडो के पास तक करीब पचास साठ मीटर तक लोहे की फ्रेमों के सहारे टेंट लगवा दिए। इससे करीब चौबीस घंटे तक लोगों को व्यवधान हुआ।
-केंद्रीय मंत्री के लिए नहीं जुटा सके सम्मानित लोग
सत्ता की हनक में कायदे तोड़ने और फोटो सेशन में आगे रहने वाले आबूरोड भाजपा नेता रेलवे स्टेशन पर पुणे जोधपुर एक्सप्रेस के इनौग्रल रन के दौरान हरी झंडी दिखाने आए केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भगीरथ चौधरी के लिए सम्मानजनक संख्या में भाजपा कार्यकर्ता नहीं जुटा पाए। यहां नगर पालिका का बोर्ड भाजपा का है। पालिकाध्यक्ष मगन दान चारण और नगर मंडल अध्यक्ष का इकबाल इतना बुलंद कि नगर पालिका में अपनी पार्टी के दो दर्जन पार्षदों को यहां नहीं ला पाए। और वो पार्षद अपने समर्थकों को। यूं नगर मंडल की कार्यकारिणी की घोषणा तो अभी बाकी है, लेकिन नगर पालिका मंडल का तो अभी छह सात महीने का कार्यकाल बाकी है। जबकि स्टेशन के चारों ओर से इलाके भाजपा बहुल वार्ड हैं और पार्षद भी भाजपा के।
– जय जयकार सांसद की
आबूरोड में कांग्रेस में रंगी भाजपा और भाजपा में रंगी कांग्रेस के कई बार आरोप लगते रहे हैं। ऐसे उदाहरण भी देखने को मिल जाते हैं। रेलवे स्टेशन रविवार को भी दिखा। कांग्रेस के पदाधिकारी सागरमल अग्रवाल भी इनौग्रल रन के लिए पहुंचे। पहले वो यहां की रेलवे की यात्री सुविधाओं से जुड़ी समिति के सदस्य थे। कांग्रेस के होने के कारण भाजपा नेताओं का विरोध झेलना पड़ा था। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने पर अग्रवाल भी इंजन पर चढ़ गए। इस ट्रेन को लाने वाले लोको पायलट का अभिनन्दन करने लगे। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता नरेंद्र मोदी के जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। दो-तीन नारे सुनने के बाद सागरमल अग्रवाल अपने संगठन के नेताओं की जगह लुंबाराम चौधरी जिंदाबाद करने लगे। रेलवे स्टेशन किस समिति में नामित होने का लिए स्थानीय सांसद की संस्तुति जरूरी है।
-दिखाई हरी झंडी
रेलवे ने पुणे से जोधपुर के लिए नई ट्रेन शुरू की है। इस ट्रेन को इनौग्रल रन शनिवार को शू हुआ। इसी के दौरान रविवार को सुबह सवा नौ बजे इसे आबूरोड स्टेशन पहुंचना था। आबूरोड पहुंचने पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भगीरथ चौधरी, सांसद लुंबाराम चौधरी, रेवदर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी और निवर्तमान विधायक जगसीराम कोली ने पालिकाध्यक्ष मगनदान चारण, नगर मंडल अध्यक्ष मनीष सिंहल, सिरोही नगर मंडल अध्यक्ष चिराग रावल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष दक्षा देवड़ा, सुरेश सिंदल, गणपतसिंह राठौड़, भूपेंद्र सांबरिया, अजय ढाका आदि की मौजूदगी में अभिनन्दन किया। डिपार्चर टाइम होने पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवानगी दी।