अपहरण, फिरौती के मामले में हरियाणा पुलिस के दो सिपाही, दो होमगार्ड अरेस्ट

0

अलवर। राजस्थान में खैरथल -तिजारा जिले के कोटकासिम थाना क्षेत्र में एक युवक के अपहरण करने और 10 लाख रुपए की फिरोती मांगने के मामले में पुलिस ने हरियाणा पुलिस में दो सिपाही और होमगार्ड के दो जवानों सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक पाटन अहीर गांव निवासी सोनू बाबरिया (31) शादियों में घोडी-बग्गी का काम करता हैं। गत 23 फरवरी को अपराह्न चार बजे बदमाशों ने सोनू को घोडी-बग्गी की बुकिंग के बहाने गांव से बाहर एक भूखंड पर बुलाया। जब सोनू मोटर साइकिल से वहां पहुंचा ताे वहाँ पहले से ही मौजूद बदमाश सोनू को जबरन गाड़ी में बिठाकर अपहरण करके ले गए।

उन्होंने बताया कि अपहरण के बाद आरोपी पहले सोनू को कोटकासिम क्षेत्र में घुमाते रहे। बाद में उसे नोएडा और गाजियाबाद ले गए। 24 फरवरी को सुबह करीब नौ बजे आरोपियों ने सोनू के मोबाइल से ही उसके परिजनों को फोन करके 10 लाख रुपए की फिरौती माँगी। उस समय आरोपियों की मौजूदगी पलवल (हरियाणा) में पाई गई। सोनू के परिवार की शिकायत पर तुरन्त मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक मनीष चौधरी के निर्देशन में थानाधिकारी जसवंत सिंह के नेतृत्व में विशेष दल का गठन किया गया जो पलवल पहुंचा और आरोपियों को गिरफ्तार करके सोनू को सुरक्षित मुक्त करा लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अनिल (33) और प्रदीप (30) हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल हैं जबकि नरेंद्र कुमार (31) और प्रदीप (29) होमगार्ड के जवान हैं। धर्मवीर (30) वाहन चालक है।

अनिल ने खुद को हरियाणा पुलिस में सीआईए टीम का प्रभारी बताया। जबकि प्रदीप वहां की सरपंच का पति है। सोनू की पत्नी उत्तर प्रदेश में रहती है और वह वहां चेन स्नेचिंग जैसी वारदातों में शामिल रही है। आरोपियों को इस बारे में जानकारी थी। इसी आधार पर उन्होंने सोनू से मोटी रकम वसूलने की योजना बनाई। पैसों के लालच में पांचों आरोपी गांव पहुंचे और सोनू का अपहरण करके ले गए।