होशियारपुर। पंजाब में जिला होशियारपुर के मुकेरियां थाना क्षेत्र के एक गांव में 11 वर्षीय लड़की के साथ बलात्कार करने के आरोप में उसके पिता को गिरफ्तार किया गया है।
मुकेरियां थाना के प्रभारी जोगिंदर सिंह ने शुक्रवार को बताया कि यह मामला तब प्रकाश में आया, जब लड़की की मां ने शिकायत दर्ज कराई और बताया कि उसकी शादी 2011 में 40 वर्षीय व्यक्ति से हुई थी और उनके दो बच्चे, एक पुत्र और एक पुत्री हैं।
महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति अक्सर उससे और उसके बच्चों से झगड़ा करता था, जिससे वह अपने मायके में रह रही है। इसी साल 22 मार्च को उसका पति उनकी पुत्री को अपने गांव ले गया। महिला ने कहा कि बाद में, उसने चचेरे ससुर के माध्यम से अपनी बेटी से फोन पर बात की थी।
बातचीत के दौरान, पीड़ित लड़की ने खुलासा किया कि जब भी दादा-दादी घर पर मौजूद नहीं होते थे, तो उसका पिता अक्सर उसे पीटता था और उसका यौन शोषण करता था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉस्को) अधिनियम की धारा 6 के तहत गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है।