मंत्री सुरेश सिंह रावत ने श्री ब्रह्मा सावित्री वेद विद्यापीठ में किया रुद्राभिषेक

अजमेर। जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत बुधवार को पुष्कर स्थित श्री ब्रह्मा सावित्री वेद विद्यापीठ में आयोजित एक पावन धार्मिक अनुष्ठान में सम्मिलित हुए। एडवोकेट जेपी शर्मा (लोक अभियोजक एवं राजकीय अभिभाषक) द्वारा आयोजित रुद्राभिषेक एवं रुद्रपाठ के शुभ अवसर पर रावत ने भगवान नीलकंठ महादेव का दुग्धाभिषेक किया एवं विधिवत पूजन-अर्चन कर राष्ट्र कल्याण, प्रदेश की उन्नति तथा आमजन के सुख-समृद्धि की मंगल कामना की।

इस अवसर पर वेदाचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं शास्त्रोक्त विधियों के साथ रुद्राभिषेक संपन्न हुआ, जिससे संपूर्ण वातावरण दिव्यता एवं श्रद्धा से आलोकित हो उठा।

मंत्री रावत ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से केवल आध्यात्मिक शांति ही नहीं, अपितु सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक चेतना को भी बल मिलता है। उन्होंने आयोजक जेपी शर्मा एवं समस्त वेदाचार्यगणों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि पुष्कर की धरती पर वैदिक परंपरा का यह जीवंत रूप हम सभी के लिए प्रेरणादायक है।