आनासागर चौपाटी में पसरा अंधेरा, NSUI जिलाध्यक्ष अंकित घारू ने प्रशासन को घेरा

0

अजमेर। शहर के प्रमुख पर्यटन एवं मनोरंजन स्थलों में शामिल आनासागर चौपाटी पर स्ट्रीट लाइटें बंद होने से रात के समय अंधेरा छाया हुआ है। इस समस्या को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के जिलाध्यक्ष अंकित घारू ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तत्काल सुधार की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि दीपावली जैसे बड़े त्योहार से पहले इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है।

अंकित घारू ने कहा कि आनासागर चौपाटी अजमेर का प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में शहरवासी और बाहर से आने वाले पर्यटक परिवार सहित घूमने पहुंचते हैं। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल होते हैं। इसके बावजूद क्षेत्र की स्ट्रीट लाइटें बंद रहना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि त्योहार के दिनों में चौपाटी पर लोगों की आवाजाही और भी बढ़ जाती है। ऐसे में अंधेरे के कारण महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है। सुनसान और अंधेरे वाले हिस्सों में छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग, लूटपाट, नशाखोरी तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों की आशंका भी बनी रहती है।

घारू ने सवाल उठाया कि यदि अंधेरे का फायदा उठाकर किसी नागरिक के साथ कोई अप्रिय घटना या दुर्घटना हो जाती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या प्रशासन किसी बड़ी घटना के बाद ही व्यवस्था सुधारने की पहल करेगा?

उन्होंने अजमेर उत्तर के विधायक एवं राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और नगर निगम प्रशासन से मांग की कि दीपावली से पहले आनासागर चौपाटी की सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त करवाया जाए। साथ ही पूरे क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, नियमित निगरानी और पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए, ताकि परिवारों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।

NSUI जिलाध्यक्ष ने कहा कि अजमेर की पहचान पर्यटन नगरी के रूप में है और यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। केवल विकास के दावे करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था भी धरातल पर दिखाई देनी चाहिए।