भरतपुर में पुलिस हिरासत में पोक्सो के आरोपी युवक की मौत पर हंगामा

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के उद्याेग नगर थाने में शुक्रवार को यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम के तहत पुलिस हिरासत में लिए गए एक युवक की कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या करने से लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक 22 वर्षीय गब्बर उर्फ बंटी आठ जुलाई को 16 वर्ष की एक किशोरी को अपने साथ ले गया था। उसी दिन वह लड़की को अपने साथ लेकर उद्योग नगर थाने पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने गब्बर को थाने में बैठा लिया।

शुक्रवार सुबह दो पुलिसकर्मियों ने मृतक के घर आकर गब्बर द्वारा थाने के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर लेने की जानकारी दी। इससे युवक के परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने गब्बर को थाने में यातनाएं देने के बाद जान से मारकर फंदे से लटका दिया। परिजनों ने थाने के सामने पुलिस के अवरोधक लगाकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया और थाने के बाहर धरने पर बैठे गये। लोगों को घटना का पता चलने के बाद थाने के सामने बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।

उधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में हल्का बल प्रयोग करके लोगों को हटा दिया। उसके बाद शव अस्पताल पहुंचाया, जहां शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।