अलवर। राजस्थान में अलवर में पहली बार हरिद्वार से लाए 5100 लीटर गंगाजल से रविवार को शहर के ऐतिहासिक त्रिपोलिया महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया गया।
यह कार्यक्रम अलवर के इतिहास में पहली बार किया गया। वहीं सावन के पहले सोमवार को त्रिपोलिया महादेव मंदिर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। त्रिपोलिया महादेव मंदिर अलवर का ऐतिहासिक मंदिर है।
मंदिर के महंत जितेंद्र खेड़ापति ने बताया कि आज पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे जलाअभिषेक का कार्यक्रम शुरू किया गया। हरिद्वार से टैंकर भरके गंगाजल मंगवाया गया था। गंगा जल 5100 लीटर था। इस अवसर पर मंदिर में 11 वेदपाठी पंडितों द्वारा विधि विधान से रुद्री पाठ किया गया।
इसके बाद अनवरत रूप से सार्वजनिक रूप से सभी भक्तों की ओर से बाबा को गंगाजल चढ़ाया गया। जलाभिषेक के बाद प्रसाद वितरण किया गया। इधर दोपहर में रामरसोई के माध्यम से त्रिपोलिया में भक्तों को भोजन कराया गया।
महंत जितेंद्र खेड़ापति ने बताया कि कल श्रावण मास के प्रथम वन सोमवार को बाबा त्रिपोलिया नाथ की सोमनाथ ज्योतिर्लिंग झांकी सजाई जाएगी। जिसके दर्शन शाम छह बजे से रात्रि 11 बजे तक कतारबद्ध भक्त दर्शन करेंगे। तड़के चार बजे भगवान का अभिषेक गंगाजल आदि स्नान के पश्चात पोशाक धारण कराई जाएगी। इसके बाद मंगला आरती होगी। द्वितीय आरती पौने छह बजे विष्णु पूजा होगी। दोपहर में महिला भक्तों द्वारा सत्संग एवं कीर्तन होगा।