अलवर। राजस्थान में अलवर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में पुलिस ने अनजान लोगों को हनी ट्रैप के जाल में फंसा कर रुपए ठगने के आरोप में शातिर महिला को गिरफ्तार किया है।
यह महिला महंगी गाड़ी में सवार लोगों से लिफ्ट मांग कर उनसे रुपए ऐंठती थी। अलवर में करीब 15 लोगों से इस महिला ने अब तक ठगी की है।
थाना प्रभारी विनोद सामरिया ने सोमवार को बताया कि परिवादी ने 23 जून को शिकायत दर्ज कराई कि एक महिला को उसने कार में लिफ्ट दी। उसके बाद उसने उसका नम्बर लेकर बातचीत शुरु की। बाद में उसने दुष्कर्म के मामले फंसाने की धमकी देकर उससे 45 हजार रुपए मांगे जिसमें 25 हजार रुपए दे दिए। इसके बाद से वह लगातार रुपयों की मांग करती जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस पर पुलिस ने महिला को रंगे हाथों पकड़ने के लिए परिवादी को 20 हजार रुपए नम्बर डालकर महिला को देने के लिए दिए। बाद में जाल बिछाकर पुलिस ने उसे बाबू शोभाराम कॉलेज के पास परिवादी से 20 हजार रुपए लेते आरोपी महिला काे गिरफ्तार कर लिया।
सामरिया ने बताया कि यह महिला विभिन्न नामों से करीब 40 लोगों को इसी तरह ठग चुकी है। इसके खिलाफ जयपुर के बनी पार्क, झोटवाड़ा, मानसरोवर, मालवीय नगर, अशोक नगर, जवाहर नगर, सांगानेर, आजाद नगर, जोबनेर और वैशाली नगर में भी 14 मामले दर्ज हैं। यह महिला 20 वर्ष से ठगी कर रही है। यह मूल रूप से मध्यप्रदेश के उज्जैन की रहने वाली है।