मार्च पास्ट की ली सलामी, प्रतिभाओं का किया सम्मान
अजमेर। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने 79वें स्वाधीनता दिवस समारोह में अजमेर के पुलिस लाइन मैदान में ध्वजारोहण किया। उन्होंने यहां मार्चपास्ट की सलामी लेने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 98 व्यक्तियों, संस्थाओं व अन्य प्रतिभाओं को सम्मानित किया। राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन ज्योति ककवानी ने किया।
जल संसाधन मंत्री रावत ने अपने संबोधन में कहा कि गुलामी कालखंड के अत्याचार एवं विभाजन की विभीषिका से भारतवर्ष को जूझना पड़ा था। इन अत्याचारों की आज के सभ्य समाज में कल्पना भी नहीं की जा सकती। आज के दिन 1947 की इस स्वतंत्रता के साथ विभाजन की त्रासदी भी हमारी स्मृति में बनी हुई है। भारत ने इस विभाजन का दंश झेला है। इस त्रासदी के बारे में नई पीढ़ी को जानने का अधिकार है। इसीलिए सरकार द्वारा विभाजन विभीषिका दिवस मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारे प्राचीन ग्रंथों में कहा गया है कि स्वतंत्रता की प्राप्ति और उसकी रक्षा केवल नागरिकों की शक्ति और सामर्थ्य से होती है और किसी देश के शक्तिशाली होने का मूल मंत्र लोगों में एकता और संगठन की भावना का होना है। हमें यह भी याद रखना होगा कि हमारे शूरवीर नायकों के अदम्य साहस, तपस्या और शौर्य से प्राप्त यह स्वाधीनता अक्षुण्ण बनी रहे, इसके लिए हमें आंतरिक और बाहरी चुनौतियों का मुकाबला करना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 2047 के विकसित भारत की संकल्पना को मूर्त रूप देने के लिए देशवासियों का प्रयास जारी है। हर घर तिरंगा अभियान युवाओं और देशवासियों में राष्ट्रभक्ति एवं एक भारत श्रेष्ठ भारत की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया को प्रभावित करने वाली समस्त समस्याओं के समाधान के लिए वर्ल्ड लीडर भारत को आगे कर रहे हैं। इसमें ऑपरेशन सिंन्दूर की महत्वपूर्ण भूमिका है। हमारे देश में निर्मित हथियारों, मिसाईलों एवं रक्षा प्रणालियों का लोहा पूरी दुनिया ने माना है। अब भारत हथियार निर्माता और निर्यातक राष्ट्र बन गया है। ऑपरेशन सिंदूर में शून्य हानि के साथ सटीक प्रहार हुए।
उन्होंने कहा कि भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। इसमें भारत के प्रत्येक नागरिक ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। एक उद्यमी से लेकर सड़क से किनारे बैठकर रोजगार करने वाले व्यक्ति का कार्य भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहा है। भारत के बाजारों को विदेशी कृषि और डेयरी उत्पादों के लिए खोलने का सरकार पर दबाव रहा। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के किसानों और पशुपालकों के हित में निर्णय लिया। दुनिया के बदलते परिदृश्य में हमें स्थानीय उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहित करना है। लोकल फोर वोकल को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय पखवाड़े में जनता की लंबित समस्याओं का निस्तारण शिविरों में किया गया। सरकार की जनकल्याणीकारी योजनाओं से पात्र लोगों को जोड़ने के साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन सत्यापन, एनएफएसए आवेदनों का निस्तारण, स्वामित्व योजना के अन्तर्गत पट्टों का वितरण, नल कनेक्शन, विद्युत तारों की मरम्मत, पौधारोपण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण, पशु टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड, स्कूटी एवं पुस्तक वितरण जैसे अनेक कार्य प्रभावी रूप से सम्पन्न हुए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना के तहत बीपीएल परिवारों का सर्वे कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा गया।
वर्ष 2014 में जहां राज्य में गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली आबादी लगभग 37 प्रतिशत थी। वर्ष 2023-24 में यह घटकर 13.04 प्रतिशत रह गई है। नीति आयोग द्वारा जारी हालिया रिपोर्ट में इस प्रगति की औपचारिक पुष्टि की है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत और मनरेगा के माध्यम से ग्रामीण रोजगार सृजन अकेले अन्न योजना में प्रदेश के 5.49 करोड़ नागरिकों को मुफ्त राशन मिला है। राज्य सरकार की मुख्यमंत्री लाडली बहन योजना, सम्बल योजना, कन्या विवाह योजना, मातृत्व सहायता योजना भी गरीबी उन्मूलन में सहायक साबित हुई है। प्रधानमंत्री के सशक्त नेतृत्व में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए जा रहे है।
उन्होंने कहा कि अजमेर जिला विकास कि निरन्तर दौड़ में आगे रखने के लिए केन्द्र और राज्य सरकार का डबल इंजन और नई गति प्रदान कर रहा है। वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान जल और पर्यावरण संरक्षण के लिए जन आंदोलन साबित हुआ। सरकार की महत्वपूर्ण जल परियोजनाएं राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, देवास परियोजना, माही बेसिन प्रबंधन और नर्मदा जल योजना चल रही हैं। प्रधानमंत्री के कैच द रैन अभियान से प्रेरित कर्म भूमि से मातृ भूमि अभियान में जन संरक्षण संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। एक पेड़ मां के नाम अभियान की प्रेरणा से इस वर्ष 11 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि अजमेर जिले के लिए 4200 करोड़ रूपए का 200 मिलियन क्यूबिक मीटर क्षमता वाला मोरसागर जलाशय बनाया जाएगा। इसकी निविदा हो गई है। इसके अतिरिक्त 80 करोड़ की लागत के अन्य कार्य भी करवाएं जाएंगे। इससे सिंचाई और पेयजल की समस्या दूर होगी। पुष्कर सरोवर में भी पानी डाला जाएगा।
पुलिस एवं होमगार्ड की प्लाटून ने की परेड
समारोह में परेड कमांडर उप अधीक्षक आयुष वशिष्ठ के नेतृत्व में परेड की गई। सीआरपीएफ पुरूष प्लाटून के दल का नेतृत्व उपनिरीक्षक प्रदीप ने किया। राजस्थान पुलिस पुरूष प्लाटून का नेतृत्व उप निरीक्षक गिरीराज ने किया। इसी प्रकार उपनिरीक्षक दिलीप मुक्कड़ ने राजस्थान पुलिस महिला प्लाटून, उप निरीक्षक राधा अहीर ने हाडीरानी महिला प्लाटून, उप निरीक्षक विकास ओजवानी ने होमगार्ड पुरूष प्लाटून, सिद्धार्थ सिंह चौहान ने राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल स्काउट प्लाटून, सौम्या ने हरिसुन्दर बालिका स्कूल गाइड की प्लाटून का नेतृत्व किया।
राजस्थान पुलिस के बैंड ने अशोक कुमार थापा के निर्देशन में देशभक्ति पूर्ण धुनें प्रस्तुत की। हरिसुन्दर बालिका स्कूल बैण्ड का नेतृत्व दिशा, गुरूकुल स्कूल बैण्ड का नेतृत्व गुरवीत, एचकेएच स्कूल बैण्ड का नेतृत्व प्रखर, ऑल सेंट स्कूल बैण्ड का नेतृत्व आर्वी, द्रोपदी देवी सांवरमल बैण्ड का नेतृत्व राधिका एवं सोफिया स्कूल बैण्ड का नेतृत्व रिद्धी जादम ने किया।
देशभक्ति से ओत प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम
राजकीय सावित्री बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के संयोजन में 210 से अधिक छात्राओं का सामूहिक नृत्य का कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें खून से खेलेंगे होली गर वतन मुश्किल में है के साथ गीत समुच्च पर शानदार प्रस्तुति दी। इसमें सावित्री राजकीय बालिका विद्यालय, केन्द्रीय बालिका विद्यालय, ईस्ट पॉइन्ट, ख्वाजा मॉडल स्कूल, राजकीय मॉडल स्कूल, मिशन गर्ल्स स्कूल एवं एचकेएच की बालिकाओं ने भाग लिया।
300 विद्यार्थियों ने किया व्यायाम प्रदर्शन
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने सामूहिक व्यायाम का प्रदर्शन किया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के 300 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें छात्रों ने दण्ड योग तथा बालिकाओं ने वलय योग किया। बाल विवाह एवं मतदान के संबंध में शपथ भी दिलवाई गई।
नृत्य नाटिका के जरिए छाया ऑपरेशन सिन्दूर
समारोह में ऑपरेशन सिन्दूर छाया रहा। राजकीय केन्द्रीय बालिका विद्यालय पुरानी मण्डी के द्वारा नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई। इसमें बालिकाओं ने ऑपरेशन सिन्दूर की पृष्ठभूमि तथा उस दौरान शत्रु पक्ष पर की गई कार्यवाही को प्रदर्शित किया।
कांकोरी ट्रेन एक्शन पर नाट्य प्रस्तुत
जिला स्तरीय कार्यक्रम में कांकोरी ट्रेन एक्शन की नाट्य प्रस्तुति दी गई। 9 अगस्त 1925 को हुए इस वीरतापूर्ण कार्य के शताब्दी वर्ष पर पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुरसुरा के विद्यार्थियों ने रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, राजेन्द्र लाहिड़ी तथा ठाकुर रोशन सिंह को श्रृदांजलि के रूप में यह नाट्य प्रस्तुति दी गई थी। इस प्रस्तुति के प्रभारी आलोक शर्मा रहे।
लोकतंत्र सेनानियों व उनके परिजनों का सम्मान
मुख्य समारोह में स्वतंत्रता सैनानी शोभाराम गहरवार, सैनानियों के परिजनों, वीरांगनाओं, वीर नारियों एवं राजस्थान लोकतंत्र सेनानी सम्मान निधि के अन्तर्गत पेंशन प्राप्त करने वाले लोकतंत्र सेनानियों एवं उनके आश्रितों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री अनिता भदेल, पूर्व विधायक बाबुलाल सिंघारिया, अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी, संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, पुलिस महानिरीक्षक राजेन्द्र सिंह, कलक्टर लोक बन्धु, पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा, अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त नित्या के, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, नगर निगम आयुक्त देशल दान, प्रशिक्षु आईएएस डॉ. नेहा राजपूत, दैनिक नवज्योति के प्रदान सम्पादक दीनबन्दु चौधरी, संगठन प्रभारी बीरम देव सिंह, जीतमल प्रजापत, अर्जुन सिंह रावत, अर्जुन नलिया सहित अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।