गुरुवंदन-छात्र अभिनंदन और एनीमिया जांच शिविर का आयोजन

भारत विकास परिषद महेश नगर शाखा का कार्यक्रम
श्रेष्ठ विद्यार्थियों और शिक्षकों का सम्मान
53 बालिकाओं और स्टाफ की हुई एनीमिया जांच
जयपुर। भारत विकास परिषद महेश नगर शाखा की ओर से सेवा भारती स्कूल बाल विद्यालय, शारदा कॉलोनी महेश नगर में मंगलवार को गुरुवंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम (प्रथम चरण) और एनीमिया जांच शिविर (द्वितीय चरण) का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम गीत और भारत माता व स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष रणवीर सिंह त्यागी ने भारत विकास परिषद की पांच सूत्रीय गतिविधियों व गुरुवंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी।

स्कूल संचालिका विमला बहन (दादी अम्मा), प्रधानाचार्य नीरज सहित 10 शिक्षकों का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। सत्र 2024-25 की परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले 5 छात्र-छात्राओं को परिषद की ओर से अंग वस्त्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

संस्था प्रधान नीरज ने बच्चों को कठिन परिश्रम कर उच्च उपलब्धियां हासिल करने का संदेश दिया और परिषद का आभार जताया। इसके बाद आयोजित एनीमिया जांच शिविर में 53 बालिकाओं एवं स्टाफ की जांच की गई।

संरक्षक महेंद्र सिंघल ने विद्यार्थियों, विद्यालय स्टाफ और परिषद सदस्यों को शपथ दिलाई और सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र-छात्राओं तथा 12 शिक्षण व गैर-शिक्षण कर्मियों ने भागीदारी निभाई। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

इस अवसर पर परिषद की ओर से प्रांतीय अध्यक्ष रणवीर सिंह त्यागी, संरक्षक महेंद्र सिंघल, अध्यक्ष सीताराम गुप्ता, सचिव लोकेंद्र कुमार गर्ग, गोपाल गुप्ता, सुदेश शर्मा, गिरधारी अग्रवाल, राजेंद्र आर्य, कमलेश रावत, महेश गुप्ता, सुरेश गर्ग, शिवचरण जिंदल, अर्चना जिंदल, संतोष सिंघल, बनवारी और प्रचार प्रभारी भवनेश गुप्ता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।