कोटा। राजस्थान में कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक व्यक्ति ने पत्नी और उसके साथी युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे युवक की मौत हो गई, जबकि पत्नी घायल हो गई।
वृत्त निरीक्षक देवेश भारद्वाज ने बताया कि मंडीपाड़ा में रहने वाली रेखा रानी कुशवाह की शादी बारां जिले के अंता थाना क्षेत्र में नागदा में हुई। उसकी अपने पति चंद्रप्रकाश कुशवाह से अनबन चल रही है। ऐसे में रेखा अपनी मां के पास मंडीपाड़ा में रह रही है।
उन्होंने बताया कि पति चंद्रप्रकाश आज रेखा से मिलने कोटा आया तो यहां उसने रेखा के साथ दीपक कुशवाह को देखा तो क्रोध से भर गया। नाराज चंद्रप्रकाश ने रेखा और दीपक पर चाकू से हमला कर दिया। रेखा की मां रुक्मणी ने बीच बचाव किया तो उनको भी चाकू लगा।
भारद्वाज ने बताया कि इससे रेखा और दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एमबीएस अस्पताल ले गया जहां चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। रेखा उपचाराधीन हैं। उन्होंने बताया कि चंद्रप्रकाश को रेखा रानी के दीपक के साथ सम्बन्धों पर शक था।