
सबगुरु न्यूज-आबूरोड। आबूरोड में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और रेवदर के कांग्रेस विधायक आबूरोड में हंसी का पात्र बने हुए हैं। यहां रेलवे स्टेशन है। यहां से देश के अन्य राज्यों में जाने वाले लोग और आबूरोड के स्थानीय निवासी आते जाते हैं। ये लोग रेलवे स्टेशन के पास के एक नजारे पर चुटकियां ले रहे हैं कि ये तीन नेता दो साल में आबूरोड में कांग्रेस में ऐसे पदाधिकारी तक नहीं बना सके तो इनके या सगठन की गरिमा के प्रति समर्पित रह सकें। इस हंसी की नुमाइश आबूरोड में पिछले चार दिनों से आबूरोड में हो रही है।
कीचड में इनके होर्डिंग
आजकल नेताओं को कामकाज या जनता की समस्या उठाते हुए सडकों पर नजर आना नामंजूर है। ऐसे में वो जनता में पहचान बनाने के लिए बडे-बडे होर्डिंग बनवा देते हैं। सिरोही के जिलाध्यक्ष ने भी यही किया। ये अपने कार्यकाल में जिले में कभी आगे होकर जिले की समस्याओं को लेकर संघर्ष करते नजर नहीं आए। यही हाल रेवदर के एमएलए का रहा। ऐसे में में कार्यकर्ताओं का इनसे नहीं के बराबर कनेक्ट और संवेदना है। इसी ने इन दोनों के साथ प्रदेश अध्यक्ष को भी हंसी का पात्र बनाया हुआ है।
जिलाध्यक्ष आनन्द जोशी ने प्रदेश अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा और रेवदर एमएलए मोतीराम कोली की तस्वीर वाला दीपावली की शुभकामना संदेश वाला होर्डिंग रेलवे स्टेशन रोड पर लगवाया या रखवाया होगा। अब ये होर्डिंग कीचड में खडा हुआ है। अब इन्हें जनता और कार्यकर्ताओं के बीच में जाना पसंद नहीं था तो कार्यकर्ताओं को भी इनके कीचड में पडे हुए होर्डिंग को कीचड से निकालना रास नहीं आया होगा।
प्रदेश अध्यक्ष से ज्यादा इन पर समर्पण
आबूरोड में कांग्रेस के दो गुट हैं। आबूरोड रेवदर विधानसभा में पडता है। ऐसे में यहां से विधानसभा प्रत्याशी रहे नीरज डांगी का गुट। सिरोही के पूर्व विधायक संयम लोढा को भी जिले में अपना वर्चस्व जमाने की चाह है तो आबूरोड में उनका गुट भी सक्रिय है। नीरज डांगी के गुट के अमित जोशी नगर कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में नगर अध्यक्ष का पद संयम लोढा के गुट की नरगिस कायमखानी के पास है।
आनन्द जोशी और मोतीलाल कोली दोनों ने इन्ही दो नेताओं की छाया में अपना प्रकाश समर्पित कर दिया है तो इन दोनों के गुटों के सामान्य कार्यकर्ताओं के लिए भी इनका कद एक सामान्य कार्यकर्ता से ज्यादा बडे नेता की नहीं है। ऐसे में दोनों ही गुटों के निवर्तमान और वर्तमान नगर अध्यक्ष और इनकी कार्यकारिणी के किसी सदस्य ने कीचड में सन रही आनन्द जोशी और मोतीलाल कोली के साथ प्रदेश अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा के प्रति सम्मान दिखाते हुए इन्हें कीचड से बाहर निकालकर डिस्पोज करने की जहमत नहंी उठाई।


