हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के खुईयां थाना क्षेत्र में कलयुगी पिता ने नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि 13 मार्च को दोपहर करीब एक बजे पीड़िता घर पर अकेली थी, जबकि उसकी मां अन्य तीन बच्चों के साथ खेत में काम करने गई हुई थी। आरोपी ने शराब के नशे में अपनी ही 16 वर्षीय पुत्री से दुष्कर्म किया। शाम को जब मां खेत से लौटी तो पीड़िता ने उसे इस घिनौनी हरकत के बारे में बताया।
पुलिस ने बताया कि इस पर जब पीड़िता की मां अपने बच्चों को साथ लेकर जाने लगी तो आरोपी ने अपनी पत्नी और बच्चों को ढाणी में एक कमरे में बंद कर दिया और मारपीट की। रविवार को दोपहर में जब आरोपी कुछ देर के लिए ढाणी से बाहर गया तब पीड़िता को भागने का मौका मिल गया।
उसने अपनी मां और भाई बहनों को कमरे से निकाला और खुईयां थाने पहुंची जहां पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।



