सीआईटी कॉलेज के विद्यार्थियों ने किया सोलर प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण

सिरोही। आबूरोड में सीआईटी कॉलेज के प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने सिविल इंजीनियरिंग विभाग के सान्निध्य में शुक्रवार को ब्रह्माकुमारी के इंडिया वन सोलर पावर प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण किया। विद्यार्थियों को सौर ऊर्जा उत्पादन की प्रक्रिया, उपकरणों के संचालन व अक्षय ऊर्जा के व्यावहारिक उपयोग के बारे में जानकारी दी गई।

भ्रमण के दौरान प्लांट के बीके सोनू भाई व इंजीनियरों ने विद्यार्थियों को सोलर पैनल की कार्यप्रणाली, इन्वर्टर सिस्टम, ऊर्जा भंडारण तकनीक व ग्रिड से जुड़ाव की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। विद्यार्थियों ने भी कई तकनीकी प्रश्न पूछे। जिनका विशेषज्ञों ने संतोषजनक उत्तर दिया।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रजनेश कुमार यादव ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान में वृद्धि करते हैं। उन्हें अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करते हैं। इस दौरान सह आचार्य प्रवीण यादव, अजय मारू, नवीन जोनवाल सहित कॉलेज के कई विद्यार्थी उपस्थित थे।

नशामुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ पर जागरुकता कार्यक्रम

राजकीय महाविद्यालय आबूरोड में सोमवार को नई किरण नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत नशामुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ पर जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय में हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। सभी संकाय सदस्य और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्राचार्य डॉ. अंशु रानी सक्सेना ने नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में अवगत कराया। कार्यक्रम में संयोजक खेताराम घांची, शम्भु सिंह शेखावत, डॉ. सोनल बैरवा, प्रताप चौहान, आसुराम, पिंकी रांगेय, शीला सोनी व महाविद्यालय के सभी मंत्रालयिक कर्मचारी मौजूद थे।