रोटरी क्लब सिरोही की नई कार्यकारिणी का गठन, राजीव चौरसिया अध्यक्ष और चंद्रकांत खंडेलवाल बने सचिव

0

सिरोही। रोटरी क्लब सिरोही ने आगामी कार्यकाल के लिए संगठन की नई नेतृत्व टीम का चयन किया है। क्लब की बैठक में सदस्यों की सर्वसम्मति से राजीव चौरसिया को अध्यक्ष तथा चंद्रकांत खंडेलवाल को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई कार्यकारिणी के मनोनयन के साथ ही क्लब ने आगामी वर्ष में सामाजिक सेवा और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों को विस्तार देने की तैयारी शुरू कर दी है।

रोटरी क्लब डिस्ट्रिक्ट 3055 की इस बैठक में सभी सदस्यों ने नवनियुक्त अध्यक्ष एवं सचिव का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। सदस्यों ने भरोसा दिलाया कि संगठन के सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने में सभी मिलकर सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

बैठक में आगामी कार्यकाल की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सरोकार और जरूरतमंद परिवारों की सहायता को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी। इसके तहत विभिन्न सेवा एवं सहयोग कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की गई। सदस्यों ने रोटरी के मूल ध्येय ‘स्वयं से ऊपर सेवा’ को अपने कार्यों का आधार बनाकर समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

नवनियुक्त अध्यक्ष राजीव चौरसिया ने कहा कि रोटरी क्लब समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्षम और सेवाभावी लोगों को एक मंच पर लाकर सामूहिक जनकल्याण का कार्य करता है। व्यक्तिगत स्तर पर किए जाने वाले सेवा प्रयासों को संगठन के माध्यम से व्यापक और स्थायी स्वरूप दिया जा सकता है। उन्होंने आगामी कार्यकाल में सभी सदस्यों के सहयोग से सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाने की बात कही।

नवनियुक्त सचिव चंद्रकांत खंडेलवाल ने रोटरी क्लब की सामाजिक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह संगठन सामाजिक सेवा, मानव कल्याण और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने वाला प्रतिष्ठित सेवा मंच है। उन्होंने संगठन की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।

बैठक में राजेंद्र कुमार रावल, विजय जैन, सिरिस हरन, जितेंद्र कुमार एरन, रविंद्र डांगा, किशन प्रजापत, मुकेश सोनी, प्रकाश प्रजापत, मनोज जैन, अंजय शाह, महेंद्र प्रजापत, ओमप्रकाश खंडेलवाल एवं जय सोनी सहित क्लब के अनेक सदस्य मौजूद रहे। बैठक का समापन संगठन की एकजुटता, आपसी सौहार्द और समाजसेवा के संकल्प के साथ हुआ।