नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय पर शुक्रवार को मोदी मोदी के नारों से गूंज रहा था वहीं बिहार चुनाव में प्रचंड जीत का जश्न मनाने के लिए पूरे दिन कार्यकर्ताओं का सैलाब देखने को मिला। वहीं जीत के जश्न में बिहार के परंपरागत लिट्टी-चोखा का स्वाद सभी कार्यकर्ताओं व जनमानस ने लिया।
बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों के लिए शुक्रवार सुबह मतगणना शुरू होने के साथ ही भाजपा समर्थित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की बढ़त के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित पार्टी मुख्यालय पर उमड़ने लगा। दोपहर होते होते यह हुजूम सैलाब में बदल गया। ढोल नगाड़ों के साथ वहां पहुंचने वालों का जोश देखते बन रहा था।
दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी के साथ ही शाम को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, सांसद मनोज तिवारी समेत बड़ी संख्या में मंत्री एवं सांसद पहुंचे। वहीं ढोल नगाड़ों के साथ बिहार के परंपरागत संगीत पर भी लोग वहां थिरकते देखे गए। प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी के शाम को पार्टी मुख्यालय के पहुंचने की सूचना के बाद दीनदयाल मार्ग पर यातायात को रोक दिया गया और सुरक्षा के इंतजाम और कड़े कर दिए गए।
पार्टी मुख्यालय पर भाजपा महासचिव अरूण सिंह कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ ही बिहार की ऐतिहासिक एवं प्रचंड जीत पर बारी बारी से शीर्ष नेतृत्व और प्रमुख नेताओं को धन्यवाद कर रहे थे। वहीं पार्टी मुख्यालय पहुंचने वाले पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह था। कई कार्यकर्ताओं का कहना था कि यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने के लिए मील का पत्थर साबित होगा। कई कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिहार में एक बार फिर जीत के बाद बंगाल और केरल में भी बहुत जल्द भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी के पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं का जोश सातवें आसमान पर था और मोदी मोदी के नारों से पूरा माहौल गूंज रहा था। प्रधानमंत्री मोदी ने यहां पहुंचने पर जहां गमछा हिलाकर सभी का अभिनंदन किया वहीं पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी गमछा हिलाकर उनका स्वागत किया। पार्टी मुख्यालय के अंदर और बाहर लिट्टी चोखा के कई स्टाल भी लोगों के लिए खासा आकर्षण का केंद्र रहे।



