पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में जहां एक ओर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता की वापसी सुनिश्चित की है, वहीं दूसरी ओर राज्य की कई सीटें ऐसी रहीं, जहां जीत- हार का फैसला महज चंद वोटों ने तय किया है।
इस कड़ी में सबसे पहला नाम भोजपुर जिले के संदेश विधानसभा क्षेत्र का आता है। इस सीट पर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) उम्मीदवार राधा चरण साह ने बेहद कड़े मुकाबले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के दीपू सिंह को सिर्फ 27 वोटों से पराजित किया।
चुनाव में राधा चरण साह को 80,598 वोट मिले। वहीं राजद के दीपू सिंह ने 80,571 मतों पर कब्जा कर दूसरे स्थान पर रहे। यह परिणाम बताता है कि यहां वोटरों का रुझान आखिरी दौर तक संतुलित बना रहा।
कैमूर जिले के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। यहां बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रत्याशी सतीश कुमार सिंह यादव ने भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार सिंह को सिर्फ 30 वोटों के अंतर से मात दी।
बसपा प्रत्याशी सतीश कुमार सिंह यादव को 72,689 वोट मिले तो भाजपा के अशोक कुमार सिंह ने 72,659 मतों पर अपना कब्जा जमाया। यह परिणाम इस चुनाव के सबसे करीबी मुकाबलों में से एक रहा।
भोजपुर जिले की अगिआंव विधानसभा सीट पर भाजपा और सीपीआई (एमएल) के बीच सीधे मुकाबले में भाजपा ने बाजी मारी है। यहां भाजपा के महेश पासवान को 69,412 वोट मिले। वहीँ, सीपीआई (एमएल) के शिव प्रकाश रंजन को 69,317 मत प्राप्त हुए। यहां सिर्फ 95 वोटों ने यह फैसला किया कि यह सीट किसके नाम जायेगी।
औरंगाबाद जिले के नवीनगर विधानसभा क्षेत्र में भी जीत-हार का अंतर बेहद मामूली रहा। यहां जेडीयू के चेतन आनंद ने 80,380 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। वहीं, राजद के आमोद कुमार सिंह को 80,268 वोट मिले। इस विधानसभा क्षेत्र में जीत- हार का अंतर सिर्फ 112 वोटों का रहा।
पूर्वी चंपारण जिले की ढाका विधानसभा सीट पर राजद के फ़ैसल रहमान ने बेहद करीबी मुकाबले में 178 वोटों से जीत दर्ज की। राजद उम्मीदवार फ़ैसल रहमान को कुल 1,12,727 वोट मिले, जबकि कड़ी टक्कर देते हुए भाजपा प्रत्याशी पवन कुमार जायसवाल को 1,12,549 वोट प्राप्त हुए।



