न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने ली सुप्रीमकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की शपथ

नई दिल्ली। न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने सोमवार को सुप्रीमकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें राष्ट्रपति भवन में उन्हें मुख्य न्यायाधीश के पद की शपथ दिलाई। उनका कार्यकाल नौ फ़रवरी 2027 तक होगा। उन्होंने न्यायमूर्ति बीआर गवई का स्थान लिया है, जो 23 नवंबर को सेवानिवृत हुए हैं।

इस बार का शपथ ग्रहण समारोह इस दृष्टि से भी ऐतिहासिक रहा क्योंकि इसमें छह देशों-भूटान, केन्या, मलेशिया, मॉरीशस, नेपाल और श्रीलंका के मुख्य न्यायाधीश और सुप्रीम कोर्ट के जज शामिल हुए। यह पहली बार है कि भारतीय मुख्य न्यायाधीश के शपथ ग्रहण समारोह में इतना बड़ा विदेशी न्यायिक प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, भारी उद्योग और इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी तथा कई अन्य प्रमुख केन्द्रीय मंत्री और गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।