अजमेर। पुष्कर घाटी स्थित नौसर माता मंदिर प्रांगण में बुधवार को नव शक्ति सृजन सेवा प्रन्यास की ओर से पौषबड़ा महोत्सव और भजन संध्या का आयोजन किया गया।
पीठाधीश्वर रामा कृष्णा देव के सान्निध्य में विधिवत रूप से पूजा अर्चना कर मंदिर में विराजमान भगवान के भोग लगाया। माता रानी की प्रतिमाओं का विशेष श्रृंगार किया। पोषबड़ा कार्यक्रम के अवसर पर कराओ ग्रुप की और भजन संध्या का आयोजन किया गया। कलाकारों ने शानदार भजनों की प्रस्तुति से भक्तों को भाववविभोर कर दिया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने पकौड़ी अन्नकूट का प्रसाद ग्रहण किया।
बतादें कि पौषबड़ा का आयोजन राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में पौष महीने की कड़ाके की ठंड में होता है, जिसमें दाल के गरमागरम पकौड़े (बड़े) और सूजी का हलवा बनाकर भगवान को भोग लगाया जाता है और फिर भक्तों में प्रसाद के रूप में बांटा जाता है। यह आयोजन मंदिरों में सामूहिक रूप से होता है और शीतकाल में शरीर को गर्मी व ऊर्जा देने के लिए एक परंपरा है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार पौष मास में दान करना अत्यधिक शुभ माना जाता है। पौष बड़ा महोत्सव में उपयोग होने वाली सामग्री का ग्रहों से संबंध है, जैसे तेल का शनि ग्रह से, मिर्च का मंगल ग्रह से, जीरा और धनिया का बुध ग्रह से, और शक्कर का शुक्र ग्रह से। इन सामग्रियों की ऊर्जा शीतकाल में शरीर में प्राण संचारित करती है, जिससे स्वास्थ्य लाभ होता है।



