अजमेर। राष्ट्रीय श्रम संगठनों के आव्हान पर श्रम कानूनों में सुधार की मांग को लेकर देश भर की यूनियनों ने एक दिवसीय हड़ताल करके अपना विरोध दर्ज कराया। इसी क्रम में अजमेर में भी बैंक, बीमा और मेडिकल रिप्रजेन्टेटिव हड़ताल पर रहे।
संयुक्त श्रमिक समन्वय समिति के आव्हान पर अजमेर की 18 यूनियनों ने संगठित रूप से देश व्यापी एक दिवसीय हड़ताल को नैतिक समर्थन प्रदान करते हुए रेलवे स्टेशन से मदार गेट, गांधी भवन, कचहरी रोड होते हुए कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली। रैली में कर्मचारी नए श्रम कानून रद्द करों, निजीकरण बन्द करों, आउट सोर्सिंग बन्द करों, श्रमिक अधिकारों की रक्षा करो, महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करो, कार्य के 8 घण्टे सीमित करो, सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करो के नारे लगाए।
रैली को सम्बोधित करते हुए बीमा व बैंक यूनियन के तेज सिंह एवं रवि वर्मा ने कहा कि केन्द्र सरकार कॉर्पोरेट घरानों के ईशारों पर पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए आर्थिक, औद्योगिक एवं श्रम नीतियों का निर्धारण कर रही हें इससे गरीबी, बेरोजगारी एवं श्रमिकों के शोषण में वृद्धि हुई है। देश के नागरिकों की औसत आय और चन्द पूंजीपतियों की आय के बीच की खाई में वृद्धि हो रही है और ठेका प्रथा को बढ़ावा देकर श्रमिकों का शोषण किया जा रहा है। निजीकरण करके सरकार अपनी जिम्मेदारियों से बचना चाहती हैं।
नए श्रम कानूनों से श्रम अधिकारों को सीमित करके उद्योग पतियों के हितों का ध्यान रखा जा रहा है। काम के घण्टे, न्यूनतम मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा, कार्य स्थल पर श्रमिकों विशेषकर महिलाओं का अधिकारों को सीमित कर दिया है। यूनियन बनाने, यूनियन को मान्यता प्रदान करने सामूहिक सौदेबाजी (बातचीत से हल निकालना) आन्दोलन के अधिकार को छिनने का प्रयास किया गया है।
नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलॉईज यूनियन के मोहन चेलानी एवं मेडिकल रिप्रजेन्टेटिव यूनियन के रोहित पारीक ने सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत देश में अभियव्यक्ति की स्वतंत्रता और असहमति की अभिव्यक्ति के अधिकार को छिनना, बुनियादी लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों पर अंकुश लगाने जैसा है। मूलभूत आवश्यकताएं पानी, बिजली, रोडवेज और सरकारी उपक्रमों का निजीकरण करके आम आदमी का जीवन कठिन बनाया जा रहा है।
रैली को डी.एल त्रिपाठी, उमेश उपाध्याय, जगदीश सिंह, सुमेर सिंह शेखावत, जेपी गुडेशर, करण सिंह, भंवरलाल, नरेन्द्र सिंह भाटी, यशपाल सिंह, मोहन सतवानी, कश्मीर सिंह, गिरीराज उपाध्याय, आर.एल.यादव, एस.एस.सिन्हा, मनोज कुमार, विजय सिंह, तारण सिंह बग्गा आदि ने सम्बोधित किया। अन्त में अध्यक्ष राजीव शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके बाद शिष्टमण्डल ने प्रधानमंत्री के नाम कलक्टर को ज्ञापन सौंपा।



