जयपुर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने महिला सशक्तिकरण की प्रतीक और देश की प्रथम अध्यापिका सावित्रीबाई फुले के जीवन को हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत बताते हुए कहा है कि उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए।
दिया कुमारी शनिवार को सावित्रीबाई फुले की जयंती के अवसर पर महात्मा ज्योतिबा फुले राष्ट्रीय संस्थान विद्याधर नगर द्वारा आयोजित समारोह में बोल रही थी। उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने कठिन परिस्थितियों और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद महिलाओं की शिक्षा के लिए संघर्ष कर एक ऐतिहासिक मिसाल कायम की। मातृशक्ति का सम्मान करना गर्व की बात है और हमें उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में, यहां तक कि अंतरिक्ष तक अपनी पहचान बना रही हैं और अब समय आ गया है कि बेटों के समान बेटियों को भी समान अवसर दिए जाए।
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाहा, भाजपा जिला मंत्री रश्मि सैनी एवं अन्य कई गणमान्य लोग मौजूद थे।



