इटावा में छात्र मनीष यादव हत्याकांड का खुलासा, प्रेम प्रसंग बना वजह

7

इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा में छात्र मनीष यादव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला बताया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि मनीष की हत्या ट्रेनी महिला आरक्षी आकांक्षा यादव से उसके संबंधों के चलते की गई। आकांक्षा के भाई अभिषेक यादव, जो केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में जालंधर में तैनात है, को इस रिश्ते की जानकारी हो गई थी।

पुलिस के अनुसार 17 फरवरी को अवकाश पर इटावा आए अभिषेक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर मनीष का अपहरण किया और 18 फरवरी को उसे गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को प्लास्टिक की बोरी में पैक कर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया, ताकि इसे रेल हादसा दर्शाया जा सके। रेलगाड़ी गुजरने से शव क्षत-विक्षत हो गया, लेकिन बोरी मिलने से हत्या की आशंका गहराई।

इकदिल क्षेत्र के चितभवन रेलवे ट्रैक पर शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। प्रारंभिक पोस्टमार्टम के बाद संतुष्ट न होने पर पांच डॉक्टरों के पैनल से दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। बाद में एक्स-रे के जरिए शव से गोली बरामद हुई, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।

इस मामले में दीपक नामक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अभिषेक यादव और एक अन्य साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर मामले का खुलासा किया गया। मनीष के लापता होने पर 18 फरवरी को भरथना थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी, जबकि उसी दिन उसकी हत्या कर दी गई थी।