महिला कांग्रेस का महासचिव बनने के बाद अलवर पहुंची सफिया खान का किया स्वागत

0

अलवर। महिला कांग्रेस में राष्ट्रीय महासचिव बनने के बाद सफिया जुबेर खान का शुक्रवार को राजस्थान के अलवर पहुंचने पर स्वागत किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र सिंह और प्रतिपक्ष नेता टीकाराम जूली भी मौजूद थे। खान ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए और कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राज में महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है। नेता और विधायक महिलाओं पर अत्याचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि महिलाओं के लिए काम करने का मौका मिला है।

सफिया ने कहा कि मेरा प्रयास रहेगा कि मैं महिलाओं के लिए लडूं। महिलाओं के न्याय के लिए लड़ूं और जिस तरीके से कांग्रेस में 50 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षण की बात है उसी के तहत मुझे नियुक्ति दी गई है।

उधर, राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के कारण अलवर को राष्ट्रीय स्तर पर पूरा प्रतिनिधित्व मिल रहा है। खान शुरू से ही जमीनी स्तर पर महिलाओं के लिए काम कर रही हैं। गरीब महिलाओं की आवाज बनकर निकली है और राष्ट्रीय स्तर पर इनकी अब एक और पहचान अलवर के नाम हो जाएगी। उन्होंने कहा है कि अलवर को कांग्रेस में मजबूती से लोग मिल रहे हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा राज में महिलाओं पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। उनके सांसद विधायक मंत्री सब महिलाओं पर अत्याचार कर रहे हैं। उनके राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है और सफिया खान महिला अत्याचारों के खिलाफ जागृति लाने का काम करेंगीं।

विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने खान को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांग्रेस का कारवां बढ़ता जा रहा है और देश की आवश्यकता अनुसार महिलाओं को प्रतिनिधित्व मिल रहा है। यह अलवर ही नहीं मेवात के लिए भी बहुत बड़ी बात है। यहां शिक्षा की कमी है, ऐसे में सफिया खान की नियुक्ति महिलाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से ग्रामीण महिलाएं काम करती हैं उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर काम करने का मौका मिलेगा।