भाजपा नेता पूर्व मंत्री हेमसिंह भडाना का निधन

0

अलवर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी से दो बार विधायक और एक बार मंत्री रहे हेमसिंह भड़ाना (60) का सोमवार को अलवर में निधन हो गया।

वह कैंसर से पीड़ित थे। गत दिनों उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया था। वह गुड़गांव में कई दिन तक भर्ती रहे थे। वह अपने पीछे पूरा भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। भडाना का जन्म सात फरवरी 1966 को हुआ था। वह वर्ष 2008 और 2013 में थानागाजी से विधायक रहे।

वह लंबे समय से बीमार थे। आज सुबह करीब छह बजे उनकी तबीयत अचानक खराब हुई। परिजन इन्हें गंभीर अवस्था में अलवर के हरीश अस्पताल लेकर गये जहां चिकित्सकों ने उन्हें जांच के बाद मृत घाेषित कर दिया।

अस्पताल के संचालक डॉक्टर हरीश गुप्ता ने बताया कि करीब सात बजे अस्पताल लेकर आए थे तब तक उनका निधन हो चुका था। परिजनों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया जाएगा। अलवर और खैरथल में आज भाजपा के होने वाले सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।

हेमसिंह भड़ाना ने राजस्थान विश्वविद्यालय से एलएलबी की। वर्ष 2008 से वर्ष 2013 तक तेरहवीं विधानसभा के सदस्य रहे। इस दौरान पुस्तकालय समिति राजस्थान विधानसभा,पिछड़े वर्ग के कल्याण समिति के सदस्य रहे। इसके बाद वर्ष 2013 से 2018 तक चौदहवीं विधानसभा के सदस्य रहे।

वर्ष 2014 को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री बनाए गए। इसके बाद उपभोक्ता मामलों का मंत्री का प्रभार दिया गया। वर्ष 2016 में मंत्रिमंडल फेरबदल के दौरान इन्हें मुद्रण एवं लेखन सामग्री एवं स्टेट मोटर गैराज और संपदा विभाग का मंत्री बनाया गया। इनके पास सामान्य प्रशासन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी था।

भड़ाना शुरू से ही छात्र राजनीति में सक्रिय रहे। वर्ष 1991 से लेकर 1992 तक राजकीय कला एवं विधि महाविद्यालय अलवर छात्र संघ के अध्यक्ष रहे। 10 फरवरी 2005 को पंचायत समिति किशनगढ़ बास के प्रधान बने।