कांग्रेस ट्वीट की महारथी, भाजपा विकास, सुशासन की पार्टी : नायब सिंह सैनी

2

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस के बेतुके दावों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पार्टी ने भ्रम फैलाने को ही अपनी एकमात्र नीति बना लिया है। कांग्रेस को ‘ट्वीट की महारथी’ ठहराते हुए उन्होंने कहा कि यह पार्टी केवल बयानबाजी और टकराव की राजनीति के सहारे चल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा न केवल हरियाणा, बल्कि पंजाब और बंगाल में भी लगातार अपना जनाधार बढ़ा रही है।
सैनी बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास विकास का कोई ठोस रोडमैप नहीं है और वह प्रतिक्रियावादी राजनीति तक सिमट कर रह गई है। उन्होंने ऑनलाइन शोर और जमीनी स्तर पर शासन के बीच के अंतर को रेखांकित करते हुए कहा कि कांग्रेस सिर्फ ट्वीट मास्टर बनकर रह गई है।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय बजट को लेकर कांग्रेस की गैर-जिम्मेदाराना, अधूरी और भ्रामक राजनीति की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने न तो बजट को ठीक से पढ़ा है और न ही समझा है, बल्कि केवल विरोध के लिए विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार (3.0) का दूसरा बजट विकसित भारत को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है, जो देश के 140 करोड़ नागरिकों के हित में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विरोधी बजट के पूरी तरह पेश होने से पहले ही निराधार आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष के पास तथ्यों का विरोध करने का कोई आधार नहीं होता, तो वह सिर्फ दिखावे के लिए विरोध प्रदर्शन करता है। कुछ लोगों ने बीच में ही सोशल मीडिया पर दावा कर दिया कि हरियाणा को कुछ नहीं मिला जबकि उन्हें कम से कम बजट पूरा होने का इंतजार करना चाहिए था।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के भीतर इस बात की होड़ लगी है कि लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को सबसे ज्यादा खुश कौन कर सकता है। गांधी के पूर्व बयानों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र दौरे के दौरान उनके द्वारा की गई तर्कहीन टिप्पणियां कांग्रेस नेतृत्व की गंभीरता को दर्शाती हैं।

मुख्यमंत्री ने ‘बजट से हरियाणा गायब है’ जैसे बयानों को घटिया और गैर-जिम्मेदार राजनीति करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विरोध की राजनीति पर फलती-फूलती है, जबकि भाजपा सुशासन और विकास पर ध्यान केंद्रित करती है। सैनी ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान बजट केवल ‘रेवड़ी संस्कृति’ तक सीमित थे, जबकि मोदी लगातार विकासोन्मुखी और सुधारवादी बजट पेश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में पेश किये गये बजटों से बुनियादी ढांचे को मजबूती मिली है और आज देश का हर नागरिक विकास की चर्चा कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस बजट का विरोध विचारधारा के कारण नहीं, बल्कि सुर्खियों में बने रहने के लिए कर रही है। उन्होंने हरियाणा को कुछ नहीं मिलने के दावों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान बजट कभी गरीबों तक नहीं पहुंचा।

भ्रामक ट्वीट्स पर चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गलत सूचना फैलाने वालों को इससे बचना चाहिए, अन्यथा वे अपनी बची-खुची विश्वसनीयता भी खो देंगे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस शासन के दौरान कृषि बजट मात्र 25 हजार करोड़ रुपए था, जबकि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कृषि बजट बढ़कर 1.62 लाख करोड़ रुपए हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश ने कांग्रेस को नकार दिया है और मोदी के नेतृत्व में मजबूत जनादेश के साथ सरकारें बन रही हैं। उन्होंने कहा कि मोदी समाज के हर वर्ग की चिंता करते हैं, जबकि कांग्रेस के पास न नीति है और न ही नीयत। युवाओं से जुड़े आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगारदाता बनाना है, न कि रोजगार चाहने वाला। उन्होंने कहा झूठ बोलने की भी एक सीमा होती है। कांग्रेस को यह सीखने की जरूरत है कि झूठ कितना बोला जा सकता है।

बुनियादी ढांचे के विकास की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों के मामले में प्रधानमंत्री स्पाइडर-मैन की तरह तेजी से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत सड़क बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में संयुक्त राज्य अमरीका को भी पीछे छोड़ चुका है।