पाली। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने संसद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाषण के दौरान विपक्ष द्वारा किया गया आचरण लोकतंत्र के लिए घातक बताते हुए कहा है कि महिला सांसदों को आगे कर हंगामा कराना और माइक के सामने आकर चिल्लाना पूरी तरह असंसदीय कृत्य है, जिसे देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
राठौड़ ने रविवार को पाली प्रवास के दौरान केंद्रीय बजट, व्यापार नीति, रेल कनेक्टिविटी, सुमेरपुर जवाई बांध पुनरोद्धार, किसानों के हित, संसद की मर्यादा, खेजड़ी संरक्षण तथा राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रेस से संवाद के दौरान संसद में विपक्ष के व्यवहार पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह समझने में असफल रही है कि मोदी कोई भी निर्णय ऐसा नहीं लेते जिससे देश के किसी नागरिक का अहित हो। मोदी जी राष्ट्र प्रथम की नीति पर काम करते हैं और राष्ट्रहित के अलावा कोई समझौता नहीं करते।
उन्होंने किसानों के हितों पर जोर देते हुए कहा कि सरकार हर निर्णय किसानों को ध्यान में रखकर ले रही है। हमारा उत्पाद बिकेगा तो देश को फायदा होगा। टैरिफ घटाने से नुकसान नहीं, बल्कि निर्यात बढ़ेगा और देश को लाभ होगा। उन्होंने आतंकवाद को लेकर कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद का जनक है और सिंधु जल समझौते को प्रधानमंत्री ने स्थगित कर दिया है और अब उस पानी के देश में उपयोग, स्टोरेज, वितरण तथा नहर-पाइपलाइन निर्माण की ठोस व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि आज़ादी के समय हुई इस गलती को अब सुधारा जा रहा है और देश के हित में जल संसाधनों का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
राठौड़ ने केंद्र सरकार के व्यापार समझौते को पूरी तरह भारत के हित में बताते हुए स्पष्ट किया कि हमारे यहां जिन वस्तुओं का प्रचुर उत्पादन होगा उनका निर्यात किया जाएगा और जिनकी कमी होगी, वही आयात होंगी। इस समझौते से देश को नुकसान नहीं बल्कि लाभ होगा। उन्होंने बताया कि पहले 25 प्रतिशत आयात शुल्क और 25 प्रतिशत अतिरिक्त आयात शुल्क मिलाकर कुल 50 प्रतिशत शुल्क था, जिसे घटाकर अब सीधे 18 प्रतिशत कर दिया गया है, इससे व्यापारियों और उद्योग जगत को बड़ा फायदा मिलेगा।
उन्होंने रेल कनेक्टिविटी पर कहा कि रेल मंत्री ने पाली से दिल्ली के लिए रात्रि ट्रेन का आश्वासन दिया है और भाजपा का प्रयास है कि भविष्य में पाली को सीधी ट्रेन सेवा भी मिले। सुमेरपुर जवाई बांध पुनरोद्धार परियोजना पर कांग्रेस को घेरते हुए श्री राठौड़ ने कहा कि वसुंधरा राजे सरकार ने सुमेरपुर जवाई बांध पुनरोद्धार के लिए छह हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया था लेकिन कांग्रेस सरकार ने पांच साल तक कुछ नहीं किया। टनल चौड़ीकरण के नाम पर 100 करोड़ रुपये दिए, पर वास्तविक काम नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सुमेरपुर जवाई बांध पुनरोद्धार के लिए तीन हजार करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। यह परियोजना शुरू हो चुकी है और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।



