सीकर। राजस्थान के प्रसिद्ध हास्य कवि एवं शिक्षक केसर देव मारवाड़ी की देर रात एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि अनुसार केसर देव मारवाड़ी पत्नी चंदा प्रजापत के साथ किसी शादी समारोह से जयपुर लौट रहे थे। रात करीब दो बजे रींगस के मिल तिराहे पर नींद की झपकी आने से उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी को ज्यादा चोट नहीं आई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव रींगस के राजकीय उप जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया। मृतक केसर देव मारवाड़ी वर्तमान में जयपुर के झोटवाड़ा स्थित एक सरकारी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे।
वह अपनी हास्य कविताओं और मंचीय प्रस्तुतियों के लिए राज्य और देश भर में जाने जाते थे। उनके भाई देगा राम प्रजापत ने बताया कि उनका यूं अचानक चले जाना हम सबके लिए सबसे बड़ा आघात है। उधर, उनके आकस्मिक निधन से साहित्य जगत और शिक्षा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।



