भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के करेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने 14 ग्राम एमडीए बरामद करके दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब एक लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि शनिवार रात गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि करेडा में चारभुजा कॉम्पलेक्स स्थित एक शोरूम के सामने खड़ी कार में अवैध मादक पदार्थ रखा हुआ है। इस पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उक्त वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 14 ग्राम एमडीए बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि मौके से प्रमोद माली (28) और मुकेश तेली (26) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
गांजा ले जाते दो युवक गिरफ्तार
भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस ने अवैध गांजा ले जाते दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सू्त्रों ने रविवार को बताया कि स्वरूपगंज-हमीरगढ़ मार्ग पर गश्त के दौरान पुलिस ने दो युवकों से संदेह के आधार पर पूछताछ कर उनकी तलाशी ली तो उनके पास कुल 136 ग्राम गांजा मिला। दोनों युवकों की पहचान शाहरूख मोहम्मद (34) और गोपाल (36) के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।



