श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के नई मंडी घड़साना थाना क्षेत्र में पुलिस ने मजदूर की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार करके एक किशोर को निरुद्ध किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने सोमवार को घटना का ब्यौरा देते हुए बताया कि एक फरवरी को फलोदी जिले के जोख थाना क्षेत्र में इंदिरा गांधी नहर की आरडी 1109 पर एक शव मिला। शव जाली में फंसा हुआ था और गर्दन पर रस्सी के निशान थे, जबकि शरीर पर अन्य चोटें भी थीं।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान श्रीगंगानगर जिले के नई घड़साना मंडी, चक 4-जेडडब्ल्यूएम निवासी भजनलाल (35) के रूप में हुई। पुलिस ने जांच के बाद हत्या के आरोप में भजनलाल की पत्नी इंदिरा (32) और उसके प्रेमी प्रभुदयाल नायक (31) को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा इस वारदात में शामिल एक किशोर को भी निरूद्ध किया। उन्होंने बताया कि वारदात का कारण इंदिरा और प्रभुदयाल में अवैध सम्बन्ध थे।
डाॅ दुहन ने बताया कि 13 जनवरी को भजनलाल मजदूरी करके देर शाम मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था। प्रभुदयाल और किशोर गांव से करीब दो किलोमीटर दूर रास्ते में घात लगाकर खड़े थे। जैसे ही भजनलाल वहां पहुंचा, उन्होंने उसे रोक लिया और उसके सिर पर लट्ठ से वार किया, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद दोनों उसे रावला थाना क्षेत्र की मंडी 465 हेड के पास ले गए और उस पर और वार करके इंदिरा गांधी नहर में फेंक दिया।



