जयपुर एयरपोर्ट के बाहर विदेशी महिला पर आवारा कुत्ते का हमला, मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान

0

जयपुर। जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहर एक विदेशी महिला यात्री पर आवारा कुत्ते के हमले की घटना को राजस्थान मानवाधिकार आयोग ने गंभीरता से लेते हुए स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने मामले में संबंधित विभागों और अधिकारियों को नोटिस जारी कर विस्तृत तथ्यात्मक रिपोर्ट तलब की है।

आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति जीआर मूलचंदानी की एकलपीठ ने इस घटना को यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय मानते हुए सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों को जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इजराइली महिला यात्री हुई गंभीर रूप से घायल

जानकारी के अनुसार, रविवार को दिल्ली से जयपुर पहुंची एक इजराइली महिला टर्मिनल-2 के बाहर निकली ही थी कि वहां बैठे एक आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में महिला को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद एयरपोर्ट स्टाफ ने तुरंत प्राथमिक उपचार कराया और महिला को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

पहले भी काट चुका था कई लोगों को

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संबंधित कुत्ता इससे पहले भी तीन अन्य लोगों को काट चुका था। इसके बावजूद उसे एयरपोर्ट क्षेत्र से हटाने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

आयोग ने कई अधिकारियों को जारी किया नोटिस

आयोग ने मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए कलेक्टर जयपुर, पुलिस आयुक्त जयपुर महानगर, हवाई अड्डा प्रबंधक सांगानेर, विमानपत्तन प्राधिकरण, नगर निगम आयुक्त और सांगानेर जोन के उपायुक्त को नोटिस जारी किया है। सभी अधिकारियों से पांच मार्च तक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

आवारा कुत्तों को हटाने और पीड़िता को मुआवजा देने के आदेश

आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि एयरपोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्र से खतरनाक आवारा कुत्तों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। इसके साथ ही आयोग ने घायल महिला के इलाज में हुए खर्च की प्रतिपूर्ति और उचित क्षतिपूर्ति देने के भी आदेश जारी किए हैं।

अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल की छवि पर असर

आयोग ने स्पष्ट किया है कि जयपुर जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल पर इस प्रकार की घटनाएं राज्य की छवि को धूमिल करती हैं और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।