अजमेर पुलिस का अभय कमांड सेंटर बना 2 लाख रुपए की वापसी का जरिया

0

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के रामगंज थाना क्षेत्र में पुलिस के अजमेर अभय कमांड सेंटर की सक्रिता से सड़क पर गिरे दो लाख रुपए उसके मूल धारक को मिल गए।

मामला अजमेर में रेलवे अस्पताल के सामने का है जहां दौराई निवासी आसिफ बैग में दो लाख रुपए लेकर जा रहा था कि तभी बैग में लगे कट के कारण रकम गिर गई। आसिफ को इस बात का पता तब चला जब वह रकम अदा करने किसी के पास पहुंचा।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि बैग में रकम नहीं मिलने से उसके होश फाख्ता हो गए। उसने मामले की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। अभय कमांड के कैमरों से जांच की गयी तो पता चला कि रकम बैग से रेलवे अस्पताल के पास गिर गई थी। सड़क पर गिरे दो लाख रुपए स्कूटी सवार लक्ष्मण सिंह ने उठाया और रवाना हो गया।

पुलिस ने बताया कि पुलिस ने उसकी स्कूटी के नंबरों के आधार पर उसे खोज निकाला तो लक्ष्मण सिंह ने ईमानदारी का परिचय देते हुए पुलिस की मौजूदगी में सड़क पर लावारिस मिली दो लाख रुपए की राशि आसिफ को लौटा दी।