भीलवाड़ा में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 2520 किलो कैरी का अचार जब्त

0

भीलवाड़ा। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार को विभागीय टीम ने हरनी गांव स्थित राजश्री गृह उद्योग पर छापा मारकर 2520 किलोग्राम कैरी का अचार जब्त किया। कार्रवाई के दौरान अचार का नमूना लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई, वहीं प्रतिष्ठान संचालक को कमियां दूर करने के लिए सुधार नोटिस जारी किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा के अनुसार विभागीय दल ने जोधड़ास चौराहा स्थित केक एंड फैक्ट्री का भी निरीक्षण किया। यहां से चॉकलेट ट्रफल केक का नमूना लिया गया और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार हो रही जांच

सीएमएचओ ने बताया कि अभियान के तहत शनिवार को भी शहर के अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया था। इस दौरान चित्तौड़ रोड स्थित प्रतिष्ठानों सहित अन्य स्थानों पर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, रखरखाव और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की गई। विभाग का उद्देश्य बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करना है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन करने तथा साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।

विभागीय अभियान के बीच आमजन से भी अपील की गई है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकिंग और उपयोग की अंतिम तिथि की जांच करें। किसी प्रतिष्ठान पर मिलावट या अस्वच्छ खाद्य सामग्री की बिक्री की आशंका होने पर संबंधित विभाग को सूचना दें।