मोदी की अजमेर यात्रा से पहले भाजपा सोशल मीडिया विंग को दिए टिप्स

0

अजमेर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रस्तावित अजमेर यात्रा के संदर्भ में प्रचार-प्रसार की रणनीति तय करने के लिए सोशल मीडिया एवं आईटी विभाग के कार्यकर्ताओं की विशेष बैठक शनिवार को भुनाबाय स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई।

बैठक में संभाग संयोजक, संभाग सह-संयोजक, जिला संयोजक, जिला सह-संयोजक, मंडल संयोजक, सह-संयोजक, साइबर योद्धा एवं पूर्व कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सभी कार्यकर्ता शामिल रहे।

जिला अध्यक्ष रमेश सोनी ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री की यात्रा को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सकारात्मक एवं तथ्यात्मक प्रचार को प्राथमिकता देने, सरकारी योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने तथा अनुशासन एवं मर्यादा बनाए रखने पर बल दिया।

जिला प्रभारी हेमन्त विजयवर्गीय ने कार्यकर्ताओं को डिजिटल समन्वय, त्वरित सूचना प्रसारण एवं कार्यक्रम से जुड़ी गतिविधियों के व्यवस्थित कवरेज के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बूथ स्तर तक सोशल मीडिया नेटवर्क को सक्रिय रखने, ग्राउंड रिपोर्टिंग को सुदृढ़ करने तथा संदेश की एकरूपता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अरविंद शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संवाद की प्रभावशीलता, विषयवस्तु की स्पष्टता एवं जनभावनाओं के अनुरूप प्रस्तुति पर मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया केवल प्रचार का माध्यम नहीं, बल्कि जनसंपर्क एवं विश्वास निर्माण का सशक्त उपकरण है।

बैठक में आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सोशल मीडिया अभियानों, डिजिटल प्रचार सामग्री, जनसंपर्क रणनीति एवं तकनीकी प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा एवं कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में राजेश शर्मा, चंद्रेश साखला, सागर झामनानी, भोपाल कांत बैरवा, लक्ष्मी यादव, विप्पीण सिंह, हिमांशु शर्मा, एडवोकेट अनिल पारीक, निक्की जैन, ब्रजेश माथुर, शमशेर सिंह रावत, सर्वेश बजाज, सागर आनंद राव, महेश्वर झा, देवेश मालू, कपिल व्यास, पूनम दीक्षित, अमनदीप सिंह गिल, दीपक सेन, विपुल गुप्ता एवं मनीष मित्तल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।