हनुमानगढ़ के निनाण गांव में बाबा रामदेव मंदिर से चांदी की मूर्ति चोरी

0

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के भिरानी थाना क्षेत्र में निनाण गांव में बाबा रामदेव मंदिर में बुधवार को तड़के अज्ञात चोर चांदी की मूर्ति चुरा कर ले गए।

सुबह घटना का पता चलते ही गांव में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की। भादरा पुलिस उप अधीक्षक संजीव कटेवा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मंदिर परिसर का गहन निरीक्षण किया।

मंदिर के पुजारी सूरताराम जाट निवासी निनाण ने बताया कि रात साढ़े 12 बजे वह अलार्म बजने पर ग्रामीणों के साथ मंदिर पहुंचे, तो वहां ताला टूटा पड़ा था। अंदर जाकर जांच की तो मुख्य बाबा रामदेव प्रतिमा के ठीक सामने रखी चांदी की मूर्ति नदारद थी।

उन्होंने बताया कि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है, जिसमें दो अज्ञात युवकों द्वारा चोरी की पूरी घटना साफ-साफ दिखाई दे रही है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी हुई है। चांदी की यह प्रतिमा करीब 10 लाख रुपए की बताई गई है।

चेक बाउंस के दोषी को दो वर्ष का साधारण कारावास

हनुमानगढ़ जिले की एक अदालत ने चेक बाउंस के मामले में दोषी को दो वर्ष के साधारण कारावास सजा सुनाई। न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा कुमावत ने अभियुक्त गोपीराम रेगर को चेक बाउंस का दोषी मानते हुए उसे पांच लाख रुपए प्रतिकर अदा करने के आदेश दिए। मामले के अनुसार अक्टूबर 2017 में अभियुक्त गोपीराम ने परिवादी को चार लाख रुपए का चेक दिया जो बाउंस हो गया था।