अजमेर/जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को राजस्थान के अजमेर आएंगे, जहां वह केंद्र एवं राज्य सरकार की लगभग 16 हजार 686 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देने के साथ 9 से 14 साल तक की बालिकाओं को एचपीवी टीके की खुराक देकर एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस अवसर पर प्रधानमंत्री राज्य सरकार के विभिन्न विभागों और संगठनों में चयनित लगभग 22 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे और इस दौरान जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़क, रेलवे, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचे समेत विभिन्न क्षेत्रों में करीब 16 हजार 686 करोड़ रुपए की लागत की 43 प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में लगभग 8 हजार 554 करोड़ रुपए की 34 परियोजनाएं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से संबंधित हैं। इन विभागों में शहरी विकास, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी, सार्वजनिक निर्माण, ऊर्जा, जल संसाधन एवं उद्योग आदि शामिल हैं।
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा से जुड़ीं करीब आठ हजार 132 करोड़ रुपए की नौ प्रमुख परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं में दो का शिलान्यास और सात का लोकार्पण होगा। प्रधानमंत्री चार हजार 516 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
इन परियोजनाओं में लगभग एक हजार 207 करोड़ रुपए की लागत से बांदीकुई से जयपुर तक 4 लेन का ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज 14 सेक्शन में एनएच 76 जंक्शन से एनएच 12 पर उम्मेदपुरा गांव तक आठ लेन कैरिजवे और प्रदेशभर में राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और चौड़ाईकरण के कार्य शामिल हैं।
इसी तरह जयपुर में 286 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के सांगानेर फ्लाईओवर से चौरड़िया पेट्रोल पम्प होते हुए मालपुरा गेट तक एलीवेटेड रोड, जोधपुर शहर में महामंदिर से अखल्या चौराहे तक एक हजार 243 करोड़ रुपए की लागत से चार लेन एलीवेटेड रोड एवं बारां जिले में 322 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत के मालबमोरी-मांगरोल-बारां राज्य राजमार्ग का शिलान्यास भी करेंगे।
स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल के अपने संकल्प की दिशा में एक ओर कदम बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नोनेरा वृहद् पेयजल परियोजना के 1021 करोड़ रुपए से अधिक लागत के चार पैकेज और परवन अकावद वृहद् पेयजल परियोजना के दो हजार 247 करोड़ रुपए की लागत के पांच पैकेजों की आधारशिला रखेंगे।
प्रधानमंत्री राजस्थान में नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन के प्रमुख केंद्रों से बिजली के सुगम पारेषण के लिए तीन हजार 616 करोड़ रुपए की पारेषण प्रणाली का लोकार्पण करेंगे। साथ ही, 220 केवी के पांच और 400 केवी के दो ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) का शिलान्यास भी करेंगे। वह राजस्थान के पश्चिमी हिस्से में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए जोधपुर पाली मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र (जेपीएमआईए) में आधारभूत संरचना और पेयजल आपूर्ति से संबंधित विभिन्न कार्यों का शिलान्यास करेंगे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री राज्य सरकार के विभिन्न विभागों और संगठनों में चयनित 21 हजार 863 युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे। नियुक्ति पत्र पाने वाले इन युवाओं में तीन हजार 320 से अधिक पटवारी (राजस्व), दो हजार 291 संविदा कनिष्ठ तकनीकी सहायक और संविदा लेखा सहायक (ग्रामीण विकास), 2 हजार 590 पशुधन सहायक, तीन हजार 822 सीएचओ, 7 हजार 357 पब्लिक हेल्थ केयर नर्स, मेडिकल लैब तकनीशियन, लैब तकनीशियन, नर्सिंग प्रभारी, नर्सिंग ट्रेनर, नर्स, नर्स ग्रेड-द्वितीय सहित अन्य नियुक्तियां शामिल हैं।



