भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक कार के अनियंत्रित होकर पुलिया से गिरने से एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि टोंक जिले के लांबाहरिसिंह निवासी परिवार के सात सदस्य चित्तौड़गढ़ में सांवरिया सेठ के दर्शन करने गए थे। रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे जब वे लौट रहे थे, तभी विजयनगर (अजमेर) के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग -148 पर पुलिया के ऊपर से निकलते समय चालक का कार से नियंत्रण हट गया। इससे कार पुलिया से गिर गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से सभी को तत्काल विजयनगर अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने कार चालक नौरत और इंदिरा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर के जेएलएन अस्पताल भेज दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इस घटना के बीच परिजनों की गोद में बैठा एक छोटा बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है। पुलिस ने शव शवगृह में रखवाकर परिजनों को सूचित कर दिया है। घटना की जांच की जा रही है।
ट्रक से एक क्विंटल अफीम डोडा चूरा बरामद
भीलवाड़ा के पंडेर थाना क्षेत्र में पुलिस और जिला विशेष दल (डीएसटी) ने संयुक्त रूप से ट्रक से एक क्विंटल अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद करके एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने रविवार को बताया कि थानाधिकारी कमलेश के नेतृत्व में पुलिस दल ने राष्ट्रीय राजमार्ग -148डी पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान शाहपुरा की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली तो उसमें चार कट्टों में छिपाकर रखा गया 99.520 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा-चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक चालक गगन सिंह (33) को गिरफ्तार कर लिया।



