चूरू में द रॉयल ट्रीट होटल के मालिक की गोली मारकर हत्या, तीन घायल

0

चूरू। राजस्थान में चूरू जिले के बीदासर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात तीन बदमाशों ने एक होटल में घुसकर अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें होटल संचालक की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि रात करीब साढ़े 12 बजे बीदासर के सांडवा रोड स्थित होटल द रॉयल ट्रीट में तीन बदमाश कट्टे लेकर घुस गए। उन्होंने होटल मालिक मनीराम मंडा को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस हमले में मनीराम मंडा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भीखाराम जाट, श्रवण जाट और प्रभुराम प्रजापत गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि घायलों को सुजानगढ़ के बगड़िया अस्पताल ले जा गया जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मनीराम मंडा न सिर्फ होटल व्यवसाय चला रहे थे, बल्कि शराब के कारोबार से भी जुड़े थे।

उधर, घटना की सूचना मिलते ही बीदासर पुलिस मौके पर पहुंच गई। होटल को पूरी तरह सील कर दिया गया और आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक जय यादव भी तुरंत मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस के कई दल अलग-अलग दिशाओं में भेज दिये गये हैं। एक हमलावर की पहचान हो चुकी है। बहुत जल्द बाकी तीनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से काफी सुबूत मिल गए हैं।

उन्होंने बताया कि हत्या का कारण शराब कारोबारियों के दो गुटों के बीच लंबे समय से चली आ रही आपसी दुश्मनी है। शराब कारोबार से जुड़ी रंजिश को लेकर कई पुराने मामले पहले से दर्ज हैं। इस मामले की जांच उन्हीं से जोड़कर की जा रही है।