ईडी ने सहारा भूमि ब्रिकी मामले में कई स्थानों पर ली तलाशी

0

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कोलकाता ने हाल ही में ओडिशा के बरहामपुर, सहारा प्राइम सिटी लिमिटेड की ज़मीन के एक हिस्से की बिक्री के सिलसिले में अनंतपुर (आंध्र प्रदेश), बल्लारी (कर्नाटक), भुवनेश्वर और बरहामपुर में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है।

कोलकाता के क्षेत्रीय कार्यालय ने मंगलवार को एक बयान में यह जानकारी दी कि ‘हमारा इंडिया और अन्य’ के मामले में चल रही जांच के तहत यह तलाशी ली गई। एक अधिकारी ने बताया कि धनशोधन अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 17 के तहत कई लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं।

तलाशी के दौरान, यह पता चला कि बरहामपुर में लगभग 32 एकड़ (कुल 43 एकड़ में से) ज़मीन दिसंबर 2025 में एक सहारा कर्मचारी के पक्ष में रद्द किए गए बोर्ड प्रस्ताव के आधार पर और सुप्रीमकोर्ट की गाइडलाइंस का उल्लंघन करके धोखे से बेची गई थी। कहा जाता है कि यह बिक्री सहारा ग्रुप के वरिष्ठ प्रबंधन के कहने पर की गई थी। बिक्री की बताई गई कीमत और ज़मीन की अनुमानित बाजार कीमत में भी अंतर देखा गया।

उन्होंने कहा कि संचार, संपर्क विवरण और कॉल रिकॉर्ड जैसे डिजिटल सबूत बरामद किए गए और उन्हें ज़ब्त कर लिया गया। संबंधित कंपनियों के वित्तीय और खातों रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेज भी जांच के लिए ज़ब्त कर लिए गए हैं।

इससे पहले, ईडी ने कई राज्यों की पुलिस द्वारा मेसर्स हमारा इंडिया क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड (एचआईसीसीएसएल) और दूसरों के खिलाफ आईपीसी के विभिन्न धाराओं तहत दर्ज प्राथमिकी के आधार पर जांच शुरू की थी। सहारा ग्रुप की अलग-अलग कंपनियों के खिलाफ 500 से ज़्यादा प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, जिनमें पीएमएलए के तहत तय अपराधों से जुड़ी 300 से ज़्यादा प्राथमिकी हैं, जिनमें ज़बरदस्ती दोबारा जमा करने और परिपक्वता भुगतान से इनकार करके जमाकर्ताओं के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी करने का आरोप है।

ईडी की जांच से पता चला कि सहारा ग्रुप कथित तौर पर एक पोंजी स्कीम चला रहा था। कहा जाता है कि जमाकर्ताओं से इकट्ठा किए गए धन को बिना किसी नियम के उपयोग किया गया था। परिपक्वता अवधि पर मिली रकम वापस नहीं की गई, बल्कि उसे फिर से निवेश कर दिया गया। समूह में कई लेन देन से पता चलता है कि बिना किसी कमर्शियल वजह के बड़ी देनदारियां को एक कंपनी से दूसरी कंपनी के नाम पर दिखाया गया था। आखिर में, चार कोऑपरेटिव सोसाइटियों में काफी देनदारियां दिखाई गईं।