ब्यावर के 175वें ऐतिहासिक बादशाह मेले में ‘बादशाह’ का निधन

27


अजमेर।
ब्यावर के 175वें ऐतिहासिक बादशाह मेले में बुधवार को बादशाह की भूमिका निभा रहे चंद्रप्रकाश अग्रवाल का सवारी के दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। इस दुखद घटना के बाद खुशी का माहौल शोक में बदल गया और शहर में हलचल मच गई। अग्रवाल को सांस लेने में तकलीफ होने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे शहर को शोक में डुबो दिया। मेले में परंपरागत रूप से ‘बादशाह’ की भूमिका निभा रहे चंद्रप्रकाश अग्रवाल (चंदू जी) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उस समय कार्यक्रम अपने चरम पर था और शाही रस्में अदा की जा रही थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंचीय कार्यक्रम के दौरान ही उनकी तबीयत अचानक खराब हुई। समिति सदस्यों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

इस वर्ष 175वें ऐतिहासिक आयोजन में अग्रवाल को ‘बादशाह’ की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वे शहर के प्रतिष्ठित, मिलनसार और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय व्यक्तित्व थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही बादशाह मेला समिति एवं प्रशासन ने तत्काल मेले के समापन की घोषणा कर दी। दुखद समाचार फैलते ही शहरभर में शोक की लहर दौड़ गई।