अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन अजमेर द्वारा रंग-भक्ति से सराबोर ‘रसिक रंग महोत्सव’ आयोजित

0

अजमेर। होली के उल्लासमय पर्व पर अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की अजमेर जिला शाखा ने भव्य ‘श्री रसिक रंग महोत्सव’ का आयोजन कर शहर को भक्ति और रंगों की अनूठी छटा से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में वैश्य समाज के सैकड़ों परिवारों ने सहभागिता निभाई, जिसमें मातृशक्ति, युवा वर्ग और बच्चों का उत्साह देखने लायक रहा।

जिला महामंत्री उमेश गर्ग के अनुसार श्रीधाम वृंदावन से पधारे संत श्री कुंजबिहारी दास जी महाराज ने अपनी मधुर वाणी में राधा-कृष्ण एवं फाग उत्सव से जुड़े भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। पूरा पंडाल भक्ति, संगीत और रंगों की फुहार से गूंज उठा। उपस्थित जनों ने पुष्पों और गुलाल से होली खेलते हुए आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया। भगवान का विशेष श्रृंगार भी आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ यजमान भरत खंडेलवाल द्वारा सपत्नीक पूजा-अर्चना से हुआ।

महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा फतेहपुरिया एवं महामंत्री श्रीमती अनीता बाल्दी के नेतृत्व में महिलाओं ने सामूहिक घूमर और पारंपरिक राजस्थानी नृत्यों की मनोहारी प्रस्तुतियां दीं, जिनकी दर्शकों ने खूब सराहना की।

आयोजन समिति के अनुसार, वृंदावन स्थित राधा वल्लभ मंदिर से प्रसादी स्वरूप प्राप्त गुलाल को श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को लगाकर फागोत्सव की पावन परंपरा निभाई। समारोह में अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का पारंपरिक रीति से सम्मान किया गया। आयोजन की सफलता में संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।