भीलवाड़ा : गेहूं की आड़ में की जा रही अफीम की खेती का खुलासा

5

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा में गंगापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गेहूं की फसल के बीच की जा रही अफीम की खेती पता लगाकर सैंकड़ों पौधे जब्त किये।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने डेलाना गांव में एक खेत में दबिश दी। वहां गेहूं की घनी फसल के बीचों-बीच अफीम बोई गई थी। जांच के दौरान वहां अफीम के सैंकड़ों पौधे लहलहाते पाए गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।

अवैध बजरी खनन करते वाहन जब्त

भीलवाड़ा के फूलियाकलां थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध बजरी खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक ट्रैक्टर ज़ब्त किए हैं। थानाधिकारी भवानी सिंह ने रविवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से खारी नदी क्षेत्र में घेराबंदी की। यह कार्रवाई दो प्रमुख स्थानों पर हुई।

बागथला गांव से पुलिस ने तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अवैध बजरी परिवहन करते हुए पकड़ा। इसी तरह खेड़ा हेतम खारी नदी के पेटे से अवैध रूप से बजरी का लदान कर रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक ट्रैक्टर ज़ब्त किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक और बजरी माफिया अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे।

अफीम का दूध समेत तीन तस्कर अरेस्ट

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के बड़लियास थाना क्षेत्र में पुलिस और जिला विशेष दल (डीएसटी) ने तीन लोगों को गिरफ्तार करके 266 ग्राम अफीम का दूध बरामद किया। थानाधिकारी मुन्नीराम चोयल ने रविवार को बताया कि सवाईपुर चौकी के पास नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार को रुकवाकर उसकी सघन तलाशी ली गई, तो उसमें छिपाकर रखा गया 266 ग्राम अवैध अफीम का दूध मिला। पुलिस ने कार में सवार रमेश खाती (28), नारायण गुर्जर (36) और जगदीश गुर्जर (30) को गिरफ्तार कर लिया।