चेन्नई/कराइकुडी। तमिलनाडु के शिवगंगा जिले के कराइकुडी में बुधवार तड़के अज्ञात उपद्रवियों ने कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम के कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला किया। इस हमले में किसी तरह के नुकसान की जानकारी नहीं है।
कार्ति चिदंबरम वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम के पुत्र हैं। घटना सुबह उस समय प्रकाश में आई जब स्थानीय लोगों ने कार्यालय के बाहर हमले के निशान देखे। पुलिस के अनुसार सुब्रमण्यपुरम इलाके में स्थित यह कार्यालय रात में बंद था और सांसद भी वहां मौजूद नहीं थे, जिसके कारण कोई जनहानि नहीं हुई और इमारत को भी बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है।
शिवगंगा जिले के पुलिस अधीक्षक आर. शिव प्रसाद ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद दोषियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस ने बताया कि इमारत या उसके आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण हमले के सटीक समय का पता लगाने में कठिनाई हो रही है।
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एक सांसद के कार्यालय को निशाना बनाए जाने से इलाके में तनाव व्याप्त है। कांग्रेस विधायक एस. मंगुडी और तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के. सेल्वापेरुन्थागाई ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र पर हमला करार दिया है।



